कविता

जब सुनोगे गीत मेरे

दर्द की  उपमा  बना मैं  जा रहा हूँ,

पीर की प्रतिमा बना मैं जा रहा हूँ।

दर्द  दर-दर  का  पिये  मैं,

कब  तलक   घुलता  रहूँ।

अग्नि  अंतस्   में   छुपाये,

कब   तलक  जलता  रहूँ।

वेदना   का  नीर  पीकर,

अश्रु    आँखों   से   बहा।

हिम-शिखर की रीति सा,

मैं कब  तलक गलता रहूँ।

तुम समझते  पल रहा हूँ, मैं  मगर,

दर्द  का  पलना बना मैं जा रहा हूँ।

पावसी  श्यामल घटा में,

जब  सुनोगे  गीत   मेरे।

बदनसीबी  में  सिसकते,

साज  बिन  संगीत  मेरे।

याद  उर  में   पीर  बोये,

नीर  नयनों   में  संजोये।

दर्द  का   सागर  लिये हूँ,

रो   उठोगे   मीत    मेरे।

तुम  समझते  गा रहा  हूँ, मैं मगर,

दर्द की  गरिमा बना मैं जा रहा हूँ।

दर्द   पाया,   दर्द   गाया,

दर्द   को  हर  द्वार पाया।

दर्द   की    ऐसी  कहानी,

दर्द  हर दिल में  समाया।

मैं    अछूता     रहूँ   कैसे,

कोठरी  काजल  की  जैसे।

सुकरात,ईशु,राम  शिव ने,

दर्द  में   जीवन  बिताया।

दर्द में जन्मा, पला, और मर गया मैं,

दर्द  का  ओढ़े  कफ़न, मैं जा  रहा हूँ।

…आनन्द विश्वास

आनन्द विश्वास

जन्म की तारीख- 01/07/1949 जन्म एवं शिक्षा- शिकोहाबाद (उत्तर प्रदेश) अध्यापन- अहमदाबाद (गुजरात) और अब- स्वतंत्र लेखन (नई दिल्ली) भाषाज्ञान- हिन्दी, अंग्रेजी, गुजराती। प्रकाशित कृतियाँ- 1. *देवम* (बाल-उपन्यास) (वर्ष-2012) डायमंड बुक्स दिल्ली। 2. *मिटने वाली रात नहीं* (कविता संकलन) (वर्ष-2012) डायमंड बुक्स दिल्ली। 3. *पर-कटी पाखी* (बाल-उपन्यास) (वर्ष-2014) डायमंड बुक्स दिल्ली। 4. *बहादुर बेटी* (बाल-उपन्यास) (वर्ष-2015) उत्कर्ष प्रकाशन मेरठ। PRATILIPI.COM पर सम्पूर्ण बाल-उपन्यास पठनीय। 5. *मेरे पापा सबसे अच्छे* (बाल-कविताएँ) (वर्ष-2016) उत्कर्ष प्रकाशन मेरठ। PRATILIPI.COM पर सम्पूर्ण बाल-कविताएँ पठनीय। प्रबंधन- फेसबुक पर बाल साहित्य के बृहत् समूह *बाल-जगत* एवं *बाल-साहित्य* समूह का संचालन। ब्लागस्- 1. anandvishvas.blogspot.com 2. anandvishwas.blogspot.com संपर्क का पता : सी/85 ईस्ट एण्ड एपार्टमेन्ट्स, न्यू अशोक नगर मेट्रो स्टेशन के पास, मयूर विहार फेज़-1 नई दिल्ली-110096 मोबाइल नम्बर- 9898529244, 7042859040 ई-मेलः anandvishvas@gmail.com