भजन/भावगीत

जन्मे  कृष्ण मुरारी

मथुरा में  जब पाप बढ़ा था ,
कंस से लोग घबराए
वसुदेव  -देवकी जेल गए ,
रिश्ते कुल  के थर्राए ।

बेड़ियों में उनको जकड़ के ,
पहरा  कड़ा था  बिठाया ।
क्रूर कंस के अनाचार ने
जुल्म उन पर  करावाया  ।

हुई देवकी की गोद  हरी ,
ईश   ने कृपा  बरसायी ।
भाद्रपद की  कृष्ण अष्टमी ,
घोर काली रात आयी ।

जन्में जेल में   नन्दलाला ,
हुई लीला चमत्कारी ।
सब पहरेदार थे  सो गए ,
बेड़ी टूटी तब सारी ।

लाल  रख सूप में  वासुदेव  ,
नन्दधाम  ईश पधारे ।
यशोदा को कृष्ण दे के वे ,
लल्ली  ले सिर पर  धारे ।

चले  निडर देवकी के पास ,
लल्ली को उधर लिटाया ।
बेड़ी में वे फिर जकड़े थे ,
रुदन सुन के कंस आया ।

लड़की  को पटका  धरा  पे  ,
बोली  कंस से योगमाया
तेरा काल   गोकुल  में गया ,
वही करने   अंत आया ।

खुशियों से  जन -मन हर्षाया ,
बजी आज है शहनाई
कृष्ण लला होने की बाँटी ,
गोकुल में नन्द मिठाई ।

दर्शन देने  भक्तों को हैं ,
आते हैं कृष्ण मुरारी
शोषण अधर्म जब-जब  होता,
जन्मते कृष्ण  मुरारी।

डॉ मंजु गुप्ता 

मंजु गुप्ता

जन्म : २१. २. १९५३ , ऋषिकेश , उत्तरांचल शिक्षा : एम.ए ( राजनीति शास्त्र ) , बी.एड शिक्षण : हिंदी शिक्षिका, जयपुरियार सीबीएससी हाईस्कूल, सानपाड़ा नवीमुंबई संप्रति : सेवा निवृत मुख्य अध्यापिका , श्री राम है स्कूल , नेरूल , नवी मुंबई। कृतियाँ :प्रांतपर्वपयोधि काव्य,दीपक नैतिक कहानियाँ,सृष्टि खंडकाव्य,संगम काव्य अलबम नैतिक कहानियाँ , भारत महान बालगीत सार निबंध,परिवर्तन कहानियाँ। प्रेस में : जज्बा ( देश भक्ति गीत ) रुचियाँ : बागवानी , पेंटिंग , प्रौढ़ शिक्षा और सामाजिकता प्रकाशन : देश - विदेश की विभिन्न समाचारपत्रों ,पत्रिकाओं में रचनाएँ प्रकाशित। उपलब्धियां : समस्त भारत की विशेषताओं को प्रांतपर्व पयोधि में समेटनेवाली प्रथम महिला कवयित्री , मुंबई दूरदर्शन से सांप्रदायिक सद्भाव पर कवि सम्मेलन में सहभाग , गांधी जीवन शैली निबंध स्पर्धा में तुषार गांधी द्वारा विशेष सम्मान से सम्मानित , माॅडर्न कॉलेज वाशी द्वारा सावित्री बाई फूले पुरस्कार से सम्मानित , भारतीय संस्कृति प्रतिष्ठान द्वारा प्रीत रंग में स्पर्धा में पुरस्कृत , आकाशवाणी मुंबई से कविताएँ प्रसारित , विभिन्न व्यंजन स्पर्धाओं में पुरस्कृत, दूरदर्शन पर अखिल भारतीय कविसम्मेलन में सहभाग । सम्मान : वार्ष्णेय सभा मुंबई , वार्ष्णेय चेरिटेबल ट्रस्ट नवी मुंबई , एकता वेलफेयर असोसिएन नवी मुंबई , मैत्री फाउंडेशन विरार , कन्नड़ समाज संघ , राष्ट्र भाषा महासंघ मुंबई , प्रेक्षा ध्यान केंद्र , नवचिंतन सावधान संस्था मुंबई कविरत्न से सम्मानित , हिन्द युग्म यूनि कवि सम्मान , राष्ट्रीय समता स्वतंत्र मंच दिल्ली द्वारा महिला शिरोमणी अवार्ड के लिए चयन आदि। संपर्क :19, द्वारका, प्लॉट क्रमांक 31, सेक्टर 9A वाशी, नवी मुंबई400703 भारत . फोन : 022 - 27882407 / 09833960213 ई मेल : writermanju@gmail.com