कविता

घुलते हुए दो जिस्म

सीने पर जो चाँद 

तुम टांक गई थी,

वो रफ्ता-रफ्ता बढ़ता जाता है,

जैसे 

मेंरे तुम्हारे बीच पनप रहा एहसास हो,

जो

बदल जाता है

पूनम की रात के बड़े आकार में,

तब हम दोनों की अठखेलियाँ

कभी छोटे कैनवास पर 

तो कभी दिखाई देती हैं क्षितिज के पार जाते हुए,

ये चाँद

कैसे बदलता है अपना रंग

कभी जामुनी, कभी सन्तरी 

तो कभी धवल,

कभी लिपटाए हुए कुछ कालिमा,

ये चाँद बना रहता है गवाह 

हमारे बीच के खुमार 

और ढलती शाम का,

आहिस्ता-आहिस्ता घुलता है

यह चाँद बर्फ के ग्लोब सा,

और…

घुलते हुए दो जिस्म

हो जाते हैं विलीन एक दूजे में।

संदीप तोमर

संदीप तोमर

जन्म : 7 जून 1975 जन्म स्थान: खतौली, जिला- मुज़फ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) शिक्षा: एम एस सी (गणित), एम ए (समाजशास्त्र, भूगोल), एम फिल (शिक्षाशास्त्र) सम्प्रति : अध्यापन साहित्य: सच के आस पास(कविता संग्रह 2003), शब्दशिल्पी प्रकाशन, मौजपुर, दिल्ली टुकड़ा टुकड़ा परछाई(कहानी संग्रह 2005), नवोदित प्रकाशन, निहाल बिहार, दिल्ली शिक्षा और समाज (आलेखों का संग्रह 2010), निहाल पब्लिकेशन एंड डिस्ट्रीब्यूशन, गोकलपुरी, दिल्ली महक अभी बाकी है (संपादन, कविता संकलन 2016), मुरली प्रकाशन, दिल्ली थ्री गर्लफ्रेंड्स (उपन्यास 2017), वीएल मिडिया सलूशन, उत्तम नगर, दिल्ली एक अपाहिज की डायरी (आत्मकथा 2018), निहाल पब्लिकेशन एंड डिस्ट्रीब्यूशन, गोकलपुरी, दिल्ली यंगर्स लव (कहानी संग्रह 2019), किताबगंज प्रकाशन, गंगानगर, राजस्थान समय पर दस्तक (लघुकथा संग्रह 2020), इंडिया नेटबुक, नॉएडा एस फ़ॉर सिद्धि (उपन्यास 2021), डायमण्ड बुक्स, दिल्ली कुछ आँसू, कुछ मुस्कानें (यात्रा- अन्तर्यात्रा की स्मृतियों का अनुपम शब्दांकन, 2021) इंडिया नेटबुक, नॉएडा दीपशिखा (उपन्यास, 2023) अद्विक प्रकाशन, दिल्ली परम ज्योति (काव्य संग्रह , 2023) हर्ष पब्लिकेशन्स, दिल्ली सुकून की तलाश में (काव्य संग्रह , 2023) हर्ष पब्लिकेशन्स, दिल्ली