कविता

जीवन गणित

जिंदगी के गणित में 

तुमने रेखागणित को चुना 

और मैं,

मैं खुद बना रहा एलजेब्रा

मान लेता अचर को कोई चर

और सुलझा लेता 

उलझी हुई समीकरणों को,

एक रोज जब मैंने चाहा

जिंदगी का हल

तब तुम बोली-

रेखागणित सी इस दुनिया में

मैं और …. और तुम 

दो समांतर रेखाएँ

जैसे नदी के दो तीर,

सिर्फ साथ चल सकते हैं,

 दूर से एक-दूसरे को 

देख सकते हैं, 

शायद महसूस भी कर सकते हैं 

लेकिन, 

अगर गलती से मिल गये तो 

अपना अस्तित्व समाप्त,

मैंने कहना चाहा प्रतिउत्तर में-

तिर्यक रेखाएँ भी उसी 

रेखागणित का हिस्सा है, 

 साथ चलते हुए

एक बार मिलती है 

और बस एक बार मिलकर 

फिर नहीं मिलती

और यह मिलना 

कोई संयोग न होकर

हो जाता है अक्सर 

ऐतिहासिक योग

शकुंतला का जन्म भी सम्भवतः

ऐसे ही तिर्यक रेखाओं का

अद्भुद संयोग रहा होगा

लेकिन-तुमने 

बाँध लिया खुद को

समांतर रेखाओं के दायरे में,

ये दायरे मुझे एलजेब्रा से 

निकाल समांतर रेखा की मर्यादा

सिखाते लगते हैं

और मैं ख़ो जाता हूँ

वृत की एक निश्चचित त्रिज्या के गिर्द

घूमते पथ से निर्मित परिधि के आकर्षण में।

संदीप तोमर

संदीप तोमर

जन्म : 7 जून 1975 जन्म स्थान: खतौली, जिला- मुज़फ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) शिक्षा: एम एस सी (गणित), एम ए (समाजशास्त्र, भूगोल), एम फिल (शिक्षाशास्त्र) सम्प्रति : अध्यापन साहित्य: सच के आस पास(कविता संग्रह 2003), शब्दशिल्पी प्रकाशन, मौजपुर, दिल्ली टुकड़ा टुकड़ा परछाई(कहानी संग्रह 2005), नवोदित प्रकाशन, निहाल बिहार, दिल्ली शिक्षा और समाज (आलेखों का संग्रह 2010), निहाल पब्लिकेशन एंड डिस्ट्रीब्यूशन, गोकलपुरी, दिल्ली महक अभी बाकी है (संपादन, कविता संकलन 2016), मुरली प्रकाशन, दिल्ली थ्री गर्लफ्रेंड्स (उपन्यास 2017), वीएल मिडिया सलूशन, उत्तम नगर, दिल्ली एक अपाहिज की डायरी (आत्मकथा 2018), निहाल पब्लिकेशन एंड डिस्ट्रीब्यूशन, गोकलपुरी, दिल्ली यंगर्स लव (कहानी संग्रह 2019), किताबगंज प्रकाशन, गंगानगर, राजस्थान समय पर दस्तक (लघुकथा संग्रह 2020), इंडिया नेटबुक, नॉएडा एस फ़ॉर सिद्धि (उपन्यास 2021), डायमण्ड बुक्स, दिल्ली कुछ आँसू, कुछ मुस्कानें (यात्रा- अन्तर्यात्रा की स्मृतियों का अनुपम शब्दांकन, 2021) इंडिया नेटबुक, नॉएडा दीपशिखा (उपन्यास, 2023) अद्विक प्रकाशन, दिल्ली परम ज्योति (काव्य संग्रह , 2023) हर्ष पब्लिकेशन्स, दिल्ली सुकून की तलाश में (काव्य संग्रह , 2023) हर्ष पब्लिकेशन्स, दिल्ली