सामाजिक

इंसान का अंदर ही अंदर टूटना और खामोशी — एक तफ़सीली तसव्वुर

इंसान जब अपनों के रवैयों से टूटता है, तो उसका दर्द लफ़्ज़ों में बयां करना आसान नहीं होता। अपनों से जो उम्मीदें होती हैं, जब वही उम्मीदें चकनाचूर हो जाती हैं, तो दिल की दुनिया वीरान हो जाती है।
इस टूटन का असर सबसे पहले इंसान की रूह पर पड़ता है। वो शख़्स जो कभी हँसता-खिलखिलाता था, अब ख़ामोशी की चादर ओढ़ लेता है। उसकी आँखों में एक अजीब सी उदासी बस जाती है, और उसके लबों पर चुप्पी का ताला लग जाता है।
अपनों का दिया हुआ दर्द सबसे ज़्यादा गहरा और ला-दवा होता है। गै़रों के ज़ख्म तो वक्त के साथ भर जाते हैं, मगर अपनों के दिए ज़ख्म उम्र भर रिसते रहते हैं।
इंसान बार-बार सोचता है, “आख़िर क्यों?”
उसके सवालों का कोई जवाब नहीं मिलता, और वो अपने ही दिल के अंदर घुटता रहता है।
वो दुनिया से कटने लगता है, महफ़िलों से दूर भागने लगता है, और तन्हाई उसकी सबसे बड़ी हमराज़ बन जाती है।
ख़ामोशी — दर्द की ज़ुबान बन जाती है
जब दर्द हद से बढ़ जाता है, तो इंसान बोलना छोड़ देता है। उसकी ख़ामोशी बहुत कुछ कहती है।
वो ख़ामोशी जिसमें चीखें भी दबी होती हैं,
वो ख़ामोशी जिसमें उम्मीदों की लाशें दबी होती हैं।
लोग समझते हैं कि वो शख़्स ख़ुश है, मगर हक़ीक़त में वो अंदर से टूट चुका होता है।

ऐसे हालात में इंसान एक ‘ज़िंदा लाश’ बन जाता है।
वो चलता-फिरता है, मगर उसकी रूह मर चुकी होती है।
उसे न कोई ख़ुशी छूती है, न कोई ग़म असर करता है।
वो बस जी रहा होता है, मगर असल में उसकी ज़िंदगी में कोई रंग बाकी नहीं रहता।
“अपनों की बेरुख़ी ने इस क़दर तोड़ दिया,
अब दिल में बस ख़ामोशी का आलम रहता है।
मुस्कराहटें भी अब तो अजनबी सी लगती हैं,
हर ख़ुशी से जैसे कोई गिला-शिकवा रहता है।”
इंसान की फ़ितरत में मोहब्बत, उम्मीद और अपनापन रचा-बसा होता है। जब यही अपनापन, जिनसे सबसे ज़्यादा उम्मीदें होती हैं, वही लोग अपने रवैयों से दिल तोड़ देते हैं, तो इंसान की रूह तक ज़ख्मी हो जाती है।
ये टूटन कोई आम दर्द नहीं, बल्कि वो कैफि़यत है जो इंसान को अंदर से खोख़ला कर देती है।
जिस शख़्स की आँखों में कभी चमक थी, अब वहाँ वीरानी का साया है।
जिसके लबों पर कभी मुस्कान थी, अब वहाँ ख़ामोशी का डेरा है।
अपनों की बेरुख़ी इंसान को ऐसी गहराइयों में धकेल देती है, जहाँ से लौटना आसान नहीं होता।
वो हर रोज़ अपने जज़्बातों से लड़ता है,
हर रात तन्हाई में अपने आंसुओं से बातें करता है। नींद से उसका रिश्ता ख़त्म सा लगता है, और तारे गिनना हर किसी के बस की बात नहीं होती है।
कभी-कभी तो ऐसा महसूस होता है जैसे उसकी मौजूदगी किसी को महसूस ही नहीं होती।
वो अपने ही घर में अजनबी सा महसूस करता है।
ख़ामोशी, दर्द की सबसे मुख़्तसर ज़ुबान बन जाती है।
जब इंसान के पास कोई नहीं रहता,
तो वो अपनी ख़ामोशी से दोस्ती कर लेता है।
उसकी ख़ामोशी में सदियों का दर्द छुपा होता है।
वो बोलता नहीं, मगर उसकी आँखें चीख-चीख कर सब कह देती हैं।
लोग उसकी मुस्कान को देख कर धोखा खा जाते हैं,
मगर उसकी रूह की तन्हाई कोई नहीं समझ पाता।
इंसान बार-बार सोचता है कि,
क्या उसकी ख़ता सिर्फ़ इतनी थी कि उसने अपनों से मोहब्बत की?
क्या उसकी ग़लती ये थी कि उसने किसी से उम्मीदें रखीं?
इन सवालों के जवाब उसे कभी नहीं मिलते,
और वो अपने ही सवालों में उलझा रह जाता है।
उर्दू में एक नज़्म।
“टूट कर भी मुस्कुराना, ये हुनर किसे आता है,
अपनों की बेरुख़ी में भी वफ़ा निभाना किसे आता है।
हर लम्हा दिल के अंदर इक सदा सी उठती है,
मगर ख़ामोशी में दर्द छुपाना किसे आता है।
ज़िंदा लाश बन कर जीना, ये भी एक फ़न है,
वरना टूटे दिल को संभालना किसे आता है।”

— डॉ. मुश्ताक अहमद शाह

डॉ. मुश्ताक़ अहमद शाह

पिता का नाम: अशफ़ाक़ अहमद शाह जन्मतिथि: 24 जून जन्मस्थान: ग्राम बलड़ी, तहसील हरसूद, जिला खंडवा, मध्य प्रदेश कर्मभूमि: हरदा, मध्य प्रदेश स्थायी पता: मगरधा, जिला हरदा, पिन 461335 संपर्क: मोबाइल: 9993901625 ईमेल: dr.m.a.shaholo2@gmail.com शैक्षिक योग्यता एवं व्यवसाय शिक्षा,B.N.Y.S.बैचलर ऑफ़ नेचुरोपैथी एंड योगिक साइंस. बी.कॉम, एम.कॉम बी.एड. फार्मासिस्ट आयुर्वेद रत्न, सी.सी.एच. व्यवसाय: फार्मासिस्ट, भाषाई दक्षता एवं रुचियाँ भाषाएँ, हिंदी, उर्दू, अंग्रेज़ी रुचियाँ, गीत, ग़ज़ल एवं सामयिक लेखन अध्ययन एवं ज्ञानार्जन साहित्यिक परिवेश में रहना वालिद (पिता) से प्रेरित होकर ग़ज़ल लेखन पूर्व पद एवं सामाजिक योगदान, पूर्व प्राचार्य, ज्ञानदीप हाई स्कूल, मगरधा पूर्व प्रधान पाठक, उर्दू माध्यमिक शाला, बलड़ी ग्रामीण विकास विस्तार अधिकारी, बलड़ी कम्युनिटी हेल्थ वर्कर, मगरधा साहित्यिक यात्रा लेखन का अनुभव: 30 वर्षों से निरंतर लेखन प्रकाशित रचनाएँ: 2000+ कविताएँ, ग़ज़लें, सामयिक लेख प्रकाशन, निरन्तर, द ग्राम टू डे, दी वूमंस एक्सप्रेस, एजुकेशनल समाचार पत्र (पटना), संस्कार धनी (जबलपुर),जबलपुर दर्पण, सुबह प्रकाश , दैनिक दोपहर,संस्कार न्यूज,नई रोशनी समाचार पत्र,परिवहन विशेष,समाचार पत्र, घटती घटना समाचार पत्र,कोल फील्ड मिरर (पश्चिम बंगाल), अनोख तीर (हरदा), दक्सिन समाचार पत्र, नगसर संवाद, नगर कथा साप्ताहिक (इटारसी) दैनिक भास्कर, नवदुनिया, चौथा संसार, दैनिक जागरण, मंथन (बुरहानपुर), कोरकू देशम (टिमरनी) में स्थायी कॉलम अन्य कई पत्र-पत्रिकाओं में निरंतर रचनाएँ प्रकाशित प्रकाशित पुस्तकें एवं साझा संग्रह साझा संग्रह (प्रमुख), मधुमालती, कोविड, काव्य ज्योति, जहाँ न पहुँचे रवि, दोहा ज्योति, गुलसितां, 21वीं सदी के 11 कवि, काव्य दर्पण, जहाँ न पहुँचे कवि (रवीना प्रकाशन) उर्विल, स्वर्णाभ, अमल तास, गुलमोहर, मेरी क़लम से, मेरी अनुभूति, मेरी अभिव्यक्ति, बेटियां, कोहिनूर, कविता बोलती है, हिंदी हैं हम, क़लम का कमाल, शब्द मेरे, तिरंगा ऊंचा रहे हमारा (मधुशाला प्रकाशन) अल्फ़ाज़ शब्दों का पिटारा, तहरीरें कुछ सुलझी कुछ न अनसुलझी (जील इन फिक्स पब्लिकेशन) व्यक्तिगत ग़ज़ल संग्रह: तुम भुलाये क्यों नहीं जाते तेरी नाराज़गी और मेरी ग़ज़लें तेरा इंतज़ार आज भी है (नवीनतम) पाँच नए ग़ज़ल संग्रह प्रकाशनाधीन सम्मान एवं पुरस्कार साहित्यिक योगदान के लिए अनेक सम्मान एवं पुरस्कार प्राप्त पाठकों का स्नेह, साहित्यिक मंचों से मान्यता मुश्ताक़ अहमद शाह जी का साहित्यिक और सामाजिक योगदान न केवल मध्य प्रदेश, बल्कि पूरे हिंदी-उर्दू साहित्य जगत के लिए गर्व का विषय है। आपकी लेखनी ने समाज को संवेदनशीलता, प्रेम और मानवीय मूल्यों से जोड़ा है। आपके द्वारा रचित ग़ज़लें और कविताएँ आज भी पाठकों के मन को छूती हैं और साहित्य को नई दिशा देती हैं।