दुःख के दिन भी कट जायेंगे
आँखों से आंसू उतर रहे
खुशियों के मोती बिखर रहे
फिर भी एक भरोसा है कि, तम के बादल छट जायेंगे
दुःख के दिन भी कट जायेंगे!!1!!
माना जीवन आसान नहीं
थक जाना समाधान नहीं
इन आँखों की पुतलियों में, स्वप्न सुनहरे अट जायेंगे
दुःख के दिन भी कट जायेंगे!!2!!
इस जन्म मरण के बंधन में
स्थिर उल्लास या क्रन्दन में
क्षणभंगुर जीवन का हर पल, हँसने रोने में बट जायेंगे
दुःख के दिन भी कट जायेंगे!!3!!
— योगेंद्र पांडेय
