कितना कठिन है यह जीवन
कितना कठिन यही है जीवन, कांटों भरा बिछौना है।
संघर्ष कहो,कहो साधना, नहीं चैन से सोना है।
करें सदा ही जीवन में कुछ,सार्थक हो जीवन अपना।
हिम्मत के ही बल हमको है,पूरा करना है यह सपना।
दुख सुख आते जाते रहते, नहीं कभी भी डरना है।
संकट चाहे कैसा भी हो, हम को आगे बढ़ना है।
चार दिनों का है यह जीवन, समय नहीं अब खोना है।
कितना कठिन यही है जीवन, कांटों भरा बिछौना है।
कभी कहीं है धोखा खाता, नफरत अपनों की झेले।
मान अपमान कहीं मिले हैं, किस्मत के सब हैं मेले।
कोर्ट कचहरी के चक्कर या,व्याधि लिए दरदर भटके।
अपना साथी कौन बने तब, कहीं जान सूली लटके।
धैर्य और विश्वास ही रखना, नहीं मुसीबत में रोना है।
कितना कठिन यही है जीवन, कांटों भरा बिछौना है।
लेख लिखे जैसे हैं तेरे, वैसा ही यह फल मिलता।
कर्म किये जो जग में अच्छे, फूल ज़िंदगी का खिलता।
दीन दुखी की सेवा कर लो, यही धर्म कहलाता है।
कर्म करे जो पावन जग में, मीठा फल वह पाता है।
वैसा काटोगे जीवन में, जैसा तुम ने बोना है।
कितना कठिन यही है जीवन, कांटों भरा बिछौना है।
— शिव सन्याल
