सामाजिक

मोबाइल गेमिंग, बच्चों का मन और पेरेंट्स की चूक : एक गहरा सामाजिक सवाल

गाजियाबाद की भारत सिटी सोसाइटी से सामने आई घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। 9वीं मंज़िल से कूदकर तीन नाबालिग बहनों 16 वर्षीय निशिका, 14 वर्षीय प्राची और 12 वर्षीय पाखी का यूँ दुनिया से चले जाना केवल एक दुखद समाचार नहीं है, बल्कि यह बच्चों के मनोविज्ञान, डिजिटल दुनिया के खतरों और अभिभावकीय भूमिका पर एक गंभीर चेतावनी है। यह घटना हमें सोचने पर मजबूर करती है कि तकनीक की चकाचौंध के बीच हम अपने बच्चों को कितना सुन पा रहे हैं।
*फ्लैट के हालात और भीतर का अकेलापन*
पुलिस और मीडिया जांच में फ्लैट की दीवारों पर बने स्केच, कटे हुए निशान, क्रॉस के चिन्ह और अंग्रेज़ी में लिखा वाक्य “I am very alone. Make me a heart of broken…”
इन बच्चों के भीतर पनप रहे गहरे अकेलेपन और भावनात्मक टूटन की कहानी कहते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार ऐसे संकेत एक दिन में नहीं उभरते, बल्कि लंबे समय से चल रहे मानसिक दबाव, संवाद की कमी और भावनात्मक अलगाव का परिणाम होते हैं।
ऑनलाइन गेमिंग और ‘टास्क कल्चर’ का जाल
जांच में सामने आया कि तीनों बहनें एक ऑनलाइन कोरियन लव गेम से गहराई तक जुड़ी हुई थीं। गेम में 50 टास्क तय थे और आखिरी टास्क के नाम पर जानलेवा कदम उठाया गया। बीच वाली बहन को “डेथ कमांडर” की भूमिका दी गई थी, जो बाकी दोनों को निर्देश देती थी।
मनोवैज्ञानिक इसे ग्रुप थिंक और टास्क-बेस्ड ब्रेनवॉश का खतरनाक मिश्रण मानते हैं, जहाँ बच्चा धीरे-धीरे अपनी स्वतंत्र सोच और सही–गलत की समझ खो देता है।
*किशोर मनोविज्ञान क्या कहता है*
किशोरावस्था पहचान, स्वीकार्यता और अपनापन खोजने की उम्र है। जब यह भावनात्मक सुरक्षा घर या समाज से पर्याप्त नहीं मिलती, तो डिजिटल दुनिया त्वरित पहचान, ताकत और अपनापन देने का भ्रम पैदा करती है।
गेमिंग का डोपामिन सिस्टम बच्चों को बार-बार उसी वर्चुअल दुनिया में लौटने को मजबूर करता है, और एक समय बाद यह दुनिया असल ज़िंदगी से अधिक “वास्तविक” लगने लगती है।
*पेरेंट्स की भूमिका पर बड़ा सवाल*
अक्सर माता-पिता यह मान लेते हैं कि बच्चा कमरे में है तो सुरक्षित है, लेकिन स्मार्टफोन के ज़रिये पूरी दुनिया कमरे में प्रवेश कर जाती है। पढ़ाई, करियर और अनुशासन पर ज़ोर देते-देते कई बार भावनात्मक संवाद छूट जाता है।
बच्चे की चुप्पी, उसके ड्रॉइंग, लेखन, नींद या व्यवहार में आए बदलाव अगर समय रहते न समझे जाएँ, तो यही छोटी-सी अनदेखी आगे चलकर जानलेवा साबित हो सकती है।
*विशेषज्ञों की राय*
१.विशेषज्ञ मानते हैं कि समाधान केवल निगरानी नहीं, बल्कि संवाद है।
२.मोबाइल गेमिंग को पूरी तरह प्रतिबंधित करने के बजाय उसकी सामग्री समझना और समय-सीमा तय करना ज़रूरी है।
३.बच्चों के अकेलेपन, चिड़चिड़ेपन, नींद में बदलाव और निराशाजनक रचनात्मक अभिव्यक्तियों को हल्के में न लें।
आवश्यकता पड़ने पर काउंसलिंग को शर्म नहीं, बल्कि सामान्य और आवश्यक प्रक्रिया के रूप में अपनाएँ।
*चेतावनी और संदेश*
यह घटना पूरे समाज के लिए चेतावनी है कि बच्चों की ज़िंदगी उनकी पढ़ाई और करियर से कहीं ज़्यादा कीमती है। मोबाइल गेम मनोरंजन का साधन हो सकते हैं, लेकिन जब वे ज़िंदगी का विकल्प बनने लगें, तो खतरे की घंटी समझनी चाहिए।
अगर समय रहते बच्चों को सुना जाए, समझा जाए और डिजिटल दुनिया में उन्हें अकेला न छोड़ा जाए, तो शायद ऐसी त्रासदियों को रोका जा सकता है।
आज ज़रूरत है तकनीक के साथ–साथ संवेदनशीलता, संवाद और समय देने की — क्योंकि एक सुना हुआ बच्चा, कई अनहोनी से बच सकता है।

— डॉ. सारिका ठाकुर ‘जागृति’

डॉ. सारिका ठाकुर "जागृति"

ग्वालियर (म.प्र)