अन्य बाल साहित्य

बाल पहेलियाँ

1 खट्टा स्वाद है, बनी दूध से,
नित सेवन अतिशय उपयोगी।
कैल्शियम से भरी हुई हूँ,
पियो! रहोगे सदा निरोगी।

2 दूध जमाने से बनता हूँ,
प्रोटीन – कैल्शियम से भरपूर।
स्वाद में थोड़ा खट्टा होता,
कब्ज पेट की करता दूर।

3 गोल – गोल है. हरा रंग है,
विटामिन ‘सी’ का भरा खजाना।
रस निचोड़ कर नित्य पीजिए,
अगर चाहते कब्ज भगाना।

4 नन्हीं काया , काला रंग है,
रहती उसकी धीमी चाल।
चलती रहती है कतार में,
गुड़ – शक्कर पाकर खुशहाल।

5 चार पाँव हैं, दो हैं हाथ,
लेकिन उसके आँख न कान।
उसका जो उपयोग है करता,
सबसे पाता है सम्मान।

6 घेरदार मेरा शरीर है,
मुझको प्रिय वर्षा या धूप।
मुझे मोड़कर रखो हाथ में,
तब मेरा हो छड़ी – सा रूप।

उत्तर – 1 छाछ 2 दही 3 नींबू 4 चींटी 5 कुर्सी 6 छतरी

— गौरीशंकर वैश्य विनम्र

*गौरीशंकर वैश्य विनम्र

117 आदिलनगर, विकासनगर लखनऊ 226022 दूरभाष 09956087585