रिश्ते
जिंदगी में रिश्ते वही मजबूत होते हैं,
अन्तर्मन में बिन कहे जो महसूस होते हैं,
मन की मौन भाषा भी बखूबी समझते है,
सुख-दुख में सदा ही साथ खड़े होते है ।
सच्चे प्यार की खुशबू से भरपूर होते हैं,
बनावटीपन स्वार्थ से कोसों दूर होते हैं,
दिल की जमीन पर ख़ुशी बन धड़कते है,
जिंदगी में सुकून के पलों सा जड़ें होते हैं ।
जीवन की अद्भुत अनोखी मिठास होते हैं,
उम्र भर का सहेजा हुआ विश्वास होते हैं,
मन के ऑंगन में नेह गीत बन चहकते है,
आखिरी दम तक हाथ थामें पड़े होते हैं ।
पुराने बरगद की शीतल छॉंव से होते हैं,
खुशियों से सजे पुश्तैनी गॉंव से होते हैं,
भावों के पुष्प जहॉं स्वतंत्र खिलते हैं,
अनमोल धन रत्नों से सजे कड़े होते हैं ।
जीवन “आनंद’ अनहद नाद होते हैं,
शुभ कर्मों का ईश्वरीय प्रसाद होते हैं,
दुआओं के इत्र सा जीवन में महकते हैं,
तूफ़ान ऑंधियों में ढाल सा अड़े होते हैं ।
— मोनिका डागा “आनंद”
