कभी पढ़ लिया कीजिए
किताब हाथों में लेकर बस
लहरा देना काफी नहीं,
भीड़ में खुद को जन-नायक
दिखा देना काफी नहीं,
मंच से ऊंचे स्वर में सिर्फ़ चिल्लाना नहीं होता,
संविधान का मतलब सिर्फ़
ध्यान आकृष्ट कराना नहीं होता,
पन्नों की इस पावनता को
ज़रा दिल से भी स्वीकारो,
सच्चे हक़ की लड़ाई क्या है,
इस मर्म को भी निहारो,
गर मिल जाए फुरसत
राजनीति के इन शोर-शराबों से,
तो नाता जोड़ो कभी देश की
इन असली किताबों से,
खोलकर देखोगे तो हर पन्ने पर
न्याय की परिभाषा मिलेगी,
शोषित,वंचित,मज़लूमों को
हक़ की एक नई आशा मिलेगी,
उनकी तरक्की,उनके अधिकार
के लिए क्या-क्या लिखा है,
समता और बंधुत्व का कैसा
अद्भुत रास्ता दिखा है,
सिर्फ़ दिखावे की सियासत से
ये मुल्क़ बदला नहीं करते,
पन्नों को समझे बिना,
वंचितों के आंसुओं के घाव भरा नहीं करते,
अगर वाक़ई फ़िक्र है इस समाज की,
और दिल में सच्ची पीर है,
तो पढ़िए कि इस क़ानून में
छिपी कैसे विधाता की तक़दीर है।
नारेबाज़ी से आगे बढ़कर,
कर्तव्य को भी स्वीकार कीजिए,
संविधान की बातें करने वालों,
इसे कभी पढ़कर अंगीकार कीजिए।
— राजेन्द्र लाहिरी
