ग़ज़ल
अच्छा दिन अच्छी रात नहीं होती है
जब महबूबा से बात नहीं होती है
जाएँ दिलबर से मिलने उसके कूचे
ये हिम्मत ये औक़ात नहीं होती है
चुपके-चुपके शादी कर ली मंदिर में
कुछ जोड़ों की बारात नहीं होती है
ज्ञात सभी को हो जाता आगे-पीछे
घटना कोई अज्ञात नहीं होती है
आशिक़ दिल जानेगा दर्द जुदाई का
वो मामूली आघात नहीं होती है
मिलती है ये बलिदानों के बाद कभी
क्योंकि मुहब्बत ख़ैरात नहीं होती है
प्रेमी जन ही प्यार सभी से करते हैं
उनके जज़्बे में जात नहीं होती है
— केशव शरण
