बाल कविता – रेल चली, रेल चली
छुक-छुक करती रेल है, लेकर नई उमंग।
बच्चे बैठे खिड़कियों, इक दूजे के संग॥
लाल-हरी ये रेल है, डिब्बे लगे कतार।
सीटी देकर चल पड़ी, सबको किये सवार॥
इंजन आगे दौड़ता, पीछे डिब्बे साथ।
खेत-खलिहान दिखते, पकड़े जैसे हाथ॥
छुक-छुक करती रेल ने, पकड़ी अपनी चाल।
पेड़-पहाड़ों बीच में, दृश्य बड़े खुशहाल॥
कोई जाता नानके, कोई जाता गाँव।
रेल सफर में खिल उठे, बच्चों के सब भाव॥
खिड़की से दिखते हुए, नदियाँ, खेत, मकान।
चलती-फिरती रेल में, खुश होता मन-प्राण॥
टिकट लेकर बैठिए, रखे नियम का ध्यान।
सुरक्षित यात्रा कीजिए, यही समझ की शान॥
भारत की यह रेल है, करती सबका काम।
दूर-दूर तक जोड़ती, गाँव-शहर के धाम॥
छुक-छुक करती रेल से, गूँजे मीठे बोल।
बचपन की इस रेल में, खुशियाँ है अनमोल॥
— डॉ. प्रियंका सौरभ
