ज्ञान के मंदिर में उठते सवाल
जिस आँगन में ज्ञान के दीप, अंधियारे को हरते हैं,
जब विचारों के फूल खिलें, सपने आकार गढ़ते हैं।
शिक्षा के पावन मंदिर में, ऐसे आरोप भी उभरते हैं,
तो सिर्फ कुछ नाम नहीं, विश्वास स्तंभ बिखरते हैं।
गुरु का पद मात्र पदवी नहीं, उत्तरदायित्व महान है,
शिष्य गरिमा की रक्षा, शिक्षा का सच्चा सम्मान है।
जिन हाथों में कलम थी, वे भविष्य सँवारने वाले थे,
यदि उन्हीं पर प्रश्न उठें, तो उत्तर कौन देने वाले हैं?
11 बेटियों की शिकायत, यह कागज़ की बात नहीं,
हर शिकायत के पीछे छिपी, होती ‘पीड़ा’ अनकही।
अब समय कि सत्य उभरे, हर तथ्य का सम्मान रहे,
दोष सिद्ध हो तो दंड मिले, निर्दोष का भी मान रहे।
ज्ञान तब सच्चा कहाएँ, जब आचरण उजला होगा,
गुरु का माथा तब चमके,जब शिष्य सुरक्षित होगा।
विश्वविद्यालय की ऊँची दीवारों, संदेश सुनाना तुम,
ज्ञान बड़ा है-पद न कोई, नारी सम्मान बचाना तुम।
क्योंकि शिक्षा ‘डिग्री’ नहीं, मानवता का विस्तार है,
जहाँ बेटियाँ सुरक्षित नहीं, वहाँ ज्ञान भी लाचार है।
न्याय हो ऐसा, सच पे टिके, न दबाव में झुके-बिके,
हर बेटी कहे-“देश मेरा है, मेरी आवाज़ न्याय दिखें।”
(संदर्भ-प्रोफेसर व सांसद के खिलाफ, छात्राओं के यौन उत्पीड़न का आरोप)
— संजय एम तराणेकर
