कहानी

दीवार पर टंगी तस्वीरें

कमरे की दीवार पर टंगी दो तस्वीरें,एक माँ की और दूसरी अब्बा की। जिन पर धूल जम चुकी थी, मगर उन चेहरों की ख़ामोशी आज भी बशीर के दिल पर हथौड़े की तरह बरस रही थी। बशीर घंटों उसी दीवार के सामने ज़मीन पर बैठा रहता। उसकी आँखों से बहते आँसू सूख चुके थे, बस हिचकियाँ थीं जो उसके सीने को अंदर से फाड़ रही थीं।

वो खुद से बार-बार पूछता,क्या वाकई वे पागल थे? नहीं! पागल तो वो ख़ुद था, जो इस फ़ानी दुनिया की चमक-दमक और दोस्तों की झूठी वाहवाही में इतना अंधा हो गया था कि उसे अपने सबसे बड़े शुभचिंतक दुश्मन नजर आने लगे थे।

अब्बा जब उसे सुबह-सवेरे उठाकर पढ़ने के लिए कहते, किताबों से दोस्ती करने की ताकीद करते, तो बशीर को लगता था कि वे उसकी आज़ादी छीन रहे हैं। माँ जब रोटियाँ बनाते वक्त उसे नसीहतें देतीं, तो वो गुस्से से घर छोड़कर निकल जाता था। उन दिनों उसे दुनिया के हर शख़्स की बात मीठी लगती थी, सिवाय अपने माँ-बाप के। उसे लगता था कि वे उसे टोक-टोक कर उसका जीना मुहाल कर रहे हैं। वो उन्हें अपना सबसे बड़ा दुश्मन समझ बैठा था।

मगर वक्त ने जब पलटा खाया, तो ज़िंदगी का असली चेहरा सामने आया।

उसके वे तमाम दोस्त, जिनकी एक आवाज़ पर वह अपनी जान छिड़कता था, आज वक्त के साथ बहुत आगे निकल चुके थे। कोई डॉक्टर था, कोई अफ़सर, तो कोई बड़े कारोबार का मालिक। उनकी दुनिया आबाद थी। और बशीर? पढ़ाई से मुँह मोड़ने और नादानी में जवानी गंवाने का यह सिला मिला कि आज उसके पास न कोई हुनर था, न रोज़गार। हालत यह थी कि कई-कई दिन फांकें में गुज़रते थे,पेट की आग बुझाने को दाने-दाने को मोहताज था वह।

इस टूटे हुए सफ़र में उसने चारों तरफ़ नज़र घुमाकर देखा। भाई-बहन अपनी-अपनी गृहस्थी, बीवी-बच्चों और खुशियों में इस कदर मगन थे कि किसी को फ़ुर्सत न थी कि वे पूछते कि बशीर किस हाल में जी रहा है या भूखा है। दोस्त तो पहले ही रास्ते बदल चुके थे। दुनिया का हर रिश्ता मतलब का निकला।

तभी बशीर को वो कड़वी और शाश्वत सच्चाई समझ आई, जिसे समझने में उसने पूरी जिंदगी लुटा दी, इस दुनिया में माँ-बाप से बढ़कर किसी का दिल आपके लिए नहीं धड़कता।

उसे याद आया कि जब वह बीमार पड़ता था, तो माँ रात-रात भर जागकर उसके सिर पर हाथ फेरती थी। जब वह ग़लत रास्ते पर चलता था, तो अब्बा की आँखें डर से नम हो जाती थीं कि उनका बेटा कहीं बर्बाद न हो जाए। वे जो डाँटते थे, वह उनकी फिक्र थी; वे जो मारते थे, वह उनकी औलाद के भविष्य को सँवारने की छटपटाहट थी। वे दुनिया की हर ठोकर से बचाने के लिए ढाल बनकर खड़े थे, और नासमझ बशीर उन्हें ही अपनी राह का काँटा समझ रहा था।

जीवन के आख़िरी दिनों में जब वे दोनों एक-एक करके इस दुनिया से रुख़सत हुए, तो उनकी आँखें इसी नालायक बेटे की फ़िक्र में खुली रह गई थीं। जाते वक्त भी वे कुछ नहीं बोले थे, क्योंकि वे जानते थे कि अब इस बिगड़े हुए मुक़द्दर को कोई नहीं सुधार सकता।

बशीर ने काँपते हुए हाथों से हवा में दोनों तस्वीरें थाम लीं और फूट-फूटकर रो पड़ा— “अब्बा… माँ… मुझे माफ़ कर दो! मैं समझ नहीं पाया कि आपके सिवा इस मतलबी दुनिया में मेरा अपना कोई नहीं था। वाकई, माँ-बाप से बढ़कर इस कायनात में कोई हमदर्द नहीं होता… काश! मैं यह बात वक्त रहते समझ जाता…”

कमरे की उदास ख़ामोशी में बशीर की ये सिसकियाँ गूँजती रहीं, और पीछे छूट गई सिर्फ़ पछतावे की अनंत रात और यादों का कभी न मिटने वाला दर्द।

— डॉ.मुश्ताक़ अहमद शाह सहज़ 

डॉ. मुश्ताक़ अहमद शाह

पिता का नाम: अशफ़ाक़ अहमद शाह जन्मतिथि: 24 जून जन्मस्थान: ग्राम बलड़ी, तहसील हरसूद, जिला खंडवा, मध्य प्रदेश कर्मभूमि: हरदा, मध्य प्रदेश स्थायी पता: मगरधा, जिला हरदा, पिन 461335 संपर्क: मोबाइल: 9993901625 ईमेल: dr.m.a.shaholo2@gmail.com शैक्षिक योग्यता एवं व्यवसाय शिक्षा,B.N.Y.S.बैचलर ऑफ़ नेचुरोपैथी एंड योगिक साइंस. बी.कॉम, एम.कॉम बी.एड. फार्मासिस्ट आयुर्वेद रत्न, सी.सी.एच. व्यवसाय: फार्मासिस्ट, भाषाई दक्षता एवं रुचियाँ भाषाएँ, हिंदी, उर्दू, अंग्रेज़ी रुचियाँ, गीत, ग़ज़ल एवं सामयिक लेखन अध्ययन एवं ज्ञानार्जन साहित्यिक परिवेश में रहना वालिद (पिता) से प्रेरित होकर ग़ज़ल लेखन पूर्व पद एवं सामाजिक योगदान, पूर्व प्राचार्य, ज्ञानदीप हाई स्कूल, मगरधा पूर्व प्रधान पाठक, उर्दू माध्यमिक शाला, बलड़ी ग्रामीण विकास विस्तार अधिकारी, बलड़ी कम्युनिटी हेल्थ वर्कर, मगरधा साहित्यिक यात्रा लेखन का अनुभव: 30 वर्षों से निरंतर लेखन प्रकाशित रचनाएँ: 2000+ कविताएँ, ग़ज़लें, सामयिक लेख प्रकाशन, निरन्तर, द ग्राम टू डे, दी वूमंस एक्सप्रेस, एजुकेशनल समाचार पत्र (पटना), संस्कार धनी (जबलपुर),जबलपुर दर्पण, सुबह प्रकाश , दैनिक दोपहर,संस्कार न्यूज,नई रोशनी समाचार पत्र,परिवहन विशेष,समाचार पत्र, घटती घटना समाचार पत्र,कोल फील्ड मिरर (पश्चिम बंगाल), अनोख तीर (हरदा), दक्सिन समाचार पत्र, नगसर संवाद, नगर कथा साप्ताहिक (इटारसी) दैनिक भास्कर, नवदुनिया, चौथा संसार, दैनिक जागरण, मंथन (बुरहानपुर), कोरकू देशम (टिमरनी) में स्थायी कॉलम अन्य कई पत्र-पत्रिकाओं में निरंतर रचनाएँ प्रकाशित प्रकाशित पुस्तकें एवं साझा संग्रह साझा संग्रह (प्रमुख), मधुमालती, कोविड, काव्य ज्योति, जहाँ न पहुँचे रवि, दोहा ज्योति, गुलसितां, 21वीं सदी के 11 कवि, काव्य दर्पण, जहाँ न पहुँचे कवि (रवीना प्रकाशन) उर्विल, स्वर्णाभ, अमल तास, गुलमोहर, मेरी क़लम से, मेरी अनुभूति, मेरी अभिव्यक्ति, बेटियां, कोहिनूर, कविता बोलती है, हिंदी हैं हम, क़लम का कमाल, शब्द मेरे, तिरंगा ऊंचा रहे हमारा (मधुशाला प्रकाशन) अल्फ़ाज़ शब्दों का पिटारा, तहरीरें कुछ सुलझी कुछ न अनसुलझी (जील इन फिक्स पब्लिकेशन) व्यक्तिगत ग़ज़ल संग्रह: तुम भुलाये क्यों नहीं जाते तेरी नाराज़गी और मेरी ग़ज़लें तेरा इंतज़ार आज भी है (नवीनतम) पाँच नए ग़ज़ल संग्रह प्रकाशनाधीन सम्मान एवं पुरस्कार साहित्यिक योगदान के लिए अनेक सम्मान एवं पुरस्कार प्राप्त पाठकों का स्नेह, साहित्यिक मंचों से मान्यता मुश्ताक़ अहमद शाह जी का साहित्यिक और सामाजिक योगदान न केवल मध्य प्रदेश, बल्कि पूरे हिंदी-उर्दू साहित्य जगत के लिए गर्व का विषय है। आपकी लेखनी ने समाज को संवेदनशीलता, प्रेम और मानवीय मूल्यों से जोड़ा है। आपके द्वारा रचित ग़ज़लें और कविताएँ आज भी पाठकों के मन को छूती हैं और साहित्य को नई दिशा देती हैं।