कविता

लोन के चक्रव्यूह में फंसा कर्मचारी

आदरणीय श्रोताओं,एक कर्मचारी की व्यथा सुना रहा हूं,
तालियों से हुंकार भरिएगा, मैं चक्रव्यूह का रास्ता दिखा रहा हूं,
सैलरी आते ही चेहरे पर जो नूर आता है,
सच कहूं दोस्तों,वो लोन की वजह से काफूर हो जाता है,
बैंक वाले ऐसे पीछे पड़ते हैं जैसे साढू भाई हों,
“लोन ले लो सर, चाहे जेब में फूटी कौड़ी न समाई हो!”
हमने भी कह दिया- लाओ, जो देना है दे दो,
गाड़ी ले लो, बंगला ले लो, मेरी स्वतंत्रता ले लो।
क्रेडिट कार्ड को समझा कि अलादीन का चिराग है,
स्वाइप करते-करते भूल गए कि आगे बहुत बड़ा डाग (गड्ढा) है,
अब हर महीने की पहली तारीख को जो तमाशा होता है,
कर्मचारी मोबाइल थामे, कोने में बैठ के रोता है,
सैलरी का मैसेज आता है टुक-टुक,
और ईएमआई कटने का मैसेज आता है धुक-धुक,
सुबह नौ बजे अकाउंट में लक्ष्मी जी कदम रखती हैं,
और नौ बजकर दो मिनट पर,वो मायके के लिए निकलती हैं,
बीच में दो मिनट को जो सुख मिलता है,
बस उतने में ही इस कर्मचारी का दिल खिलता है,
नौकरी छोड़ने का ख्याल जब भी दिल में आता है,
सामने होम लोन, कार लोन, पर्सनल लोन
का भूत नाच जाता है,
बॉस की हर गाली अब हमें मधुर संगीत लगती है,
क्योंकि इस्तीफे का नाम लेते ही
सिबिल स्कोर की अर्थी उठती है,
अरे, बीवी ने एक दिन प्यार से कहा सुनो जी, कहीं बाहर ले चलो,
मैंने कहा ये लो बैंक स्टेटमेंट, इसी को देख के तसल्ली कर लो,
अब तो आलम ये है दोस्तों, कि परचून की दुकान पर जाते हैं,
तो आधा किलो शक्कर भी नो-कॉस्ट ईएमआई पर कटवाते हैं,
महाभारत के अभिमन्यु को तो चक्रव्यूह तोड़ना नहीं आता था,
पर वो वीर था,मर्यादा से लड़ना जानता था,
हम तो वो आधुनिक अभिमन्यु हैं,
जो पढ़े-लिखे होकर भी हारे हैं,
अपनी ही सैलरी को,
दूसरों के अकाउंट में जाते देख, ताली बजा रहे हैं,
मरने के बाद जब चित्रगुप्त मेरी फाइल खोलेंगे,
और यमराज गुस्से में आकर मुझसे कुछ बोलेंगे,
मैं तपाक से कहूँगा प्रभु,
नरक की आग मुझे लगेगी भली,
बस इतना बता दो,
इसकी ईएमआई मंथली कटेगी या क्वार्टरली?

— राजेन्द्र लाहिरी

राजेन्द्र लाहिरी

पामगढ़, जिला जांजगीर चाम्पा, छ. ग.495554

One thought on “लोन के चक्रव्यूह में फंसा कर्मचारी”

  • डॉ. विजय कुमार सिंघल

    करारा व्यंग्य !
    एक बार एक प्राइवेट बैंक का कर्मचारी मुझे लोन देना चाहता था, जबकि मुझे आवश्यकता ही नहीं थी। वह लाख रुपये लेकर मेरे ऑफिस में ही आ धमका कि कागज पर साइन कर दो और ले लो। मैंने बड़ी कठिनाई से उससे पिण्ड छुड़ाया क्योंकि मैं ऐसे लोन की वास्तविकता जानता था।

Comments are closed.