कविता
कहकहों के सागर में अक्सर
तैरते हुए देखा है उन्हें
वो जो कहते थे तुम बिन उदास है
ये सारी कायनात
दीपों को खिलखिलाते हुए
देखा है बेवजह मैंने अंधेरों में
कौन कहता है कि जुदाई में
दीपक बुझ जाया करते हैं
बिना सुर के भी बन गए
न जाने कितने ही गीत संगीत
गुनगुनाने के लिए खुशियों का होना
कब मायने रखता है
मद्धम सी रोशनी में भी
दो दिल मिल ही जाते हैं अक्सर
तेज रोशनी धोखा देने की साजिश है
प्रेम के लिए अँधेरों को ही चुना जाता है
— वर्षा वार्ष्णेय अलीगढ़
