बुढ़ापे का सबसे बड़ा दर्द अकेलापन
अमेरिका की चमचमाती दुनिया में कभी-कभी सबसे गहरा अँधेरा उन घरों में उतरता है, जहाँ सब कुछ होता है, बस किसी अपने की आवाज़ नहीं होती। बाहर बर्फ़ गिर रही थी, सड़कों पर गाड़ियाँ दौड़ रही थीं और ऊँची इमारतों की खिड़कियों से रोशनी झिलमिला रही थी, लेकिन पचहत्तर वर्षीय अनंत के छोटे-से अपार्टमेंट में पसरा सन्नाटा उसकी उम्र से भी अधिक बूढ़ा हो चुका था।
अनंत ने अपना पूरा जीवन बच्चों के भविष्य को सँवारने में लगा दिया था। बेहतर शिक्षा, सुख-सुविधाएँ और उज्ज्वल भविष्य देने के लिए उसने अपनी इच्छाओं का बार-बार त्याग किया था। आज उसका बेटा दूसरे शहर में व्यस्त था और बेटी अपनी गृहस्थी में उलझी हुई थी। त्योहारों पर फोन आ जाता, जन्मदिन पर औपचारिक शुभकामनाएँ मिल जातीं, लेकिन उसके काँपते हाथों को थामने और उसकी खामोश आँखों को पढ़ने वाला कोई नहीं था।
एक सुबह अनंत बाथरूम में फिसलकर गिर पड़ा। उठने की कोशिश में उसकी साँस फूलने लगी। उसने कई बार फोन उठाने का प्रयास किया, मगर हाथों में इतनी ताकत नहीं थी कि वह किसी को बुला सके। घंटों बाद पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने उसे देखा और अस्पताल पहुँचाया। होश आने पर अनंत की आँखों से आँसू बह निकले। उसे अपने बच्चों से शिकायत कम, उस जीवन से प्रश्न अधिक था, जिसमें मनुष्य ने सुविधाएँ तो अनगिनत जुटा लीं, मगर अपनों के लिए समय खो दिया।
स्वस्थ होकर घर लौटने पर अनंत ने अपने जैसे अकेले बुजुर्गों को एकत्र करना शुरू किया। किसी के लिए दवा लाना, किसी के साथ अस्पताल जाना, किसी का जन्मदिन मनाना और किसी की उदासी सुनना—धीरे-धीरे वे एक-दूसरे का सहारा बन गए। अनंत के घर में फिर से हँसी सुनाई देने लगी।
एक दिन उसने अपनी डायरी में लिखा, “बुढ़ापे में सबसे बड़ी पीड़ा शरीर का कमजोर होना नहीं, बल्कि यह महसूस करना है कि अब किसी को हमारी आवश्यकता नहीं रही। संतान की सफलता तभी सार्थक है, जब उसके माता-पिता की आँखों में उपेक्षा के आँसू न हों।”
अनंत ने अपने जीवन से सीखा कि धन, स्वतंत्रता और आधुनिकता तभी सुंदर हैं, जब उनके साथ संवेदना भी जीवित रहे। बुजुर्गों को केवल आर्थिक सहायता नहीं, सम्मान, समय और आत्मीयता भी चाहिए। जिस समाज में वृद्ध अकेले मरने से डरें, उस समाज की प्रगति पर पुनर्विचार आवश्यक है। रिश्तों की वास्तविक समृद्धि इस बात में नहीं कि हम अपने प्रियजनों को कितनी सुविधाएँ देते हैं, बल्कि इसमें है कि आवश्यकता के समय हम उनका हाथ कितनी मजबूती से थामते हैं।
— डॉ अशोक, पटना
