ग़ज़ल
आंख से आंख मिलाना ग़ज़ल होती है ।
दिल में फूल खिलाना ग़ज़ल होती है।।
वो प्यार के रस्ते और सफर तन्हा।
चलना चलते जाना ग़ज़ल होती है।।
वो काली रात का आलम ओ तन्हाई।
छत पर चांद का आना ग़ज़ल होती है।।
झांकना घुंघट से और मुस्कुराना।
उठाकर आंख झुकाना ग़ज़ल होती है।।
उनके सितम शिकवे और गले सारे ।
सहकर मुस्कुराना ग़ज़ल होती है ।।
चदरिया ओढ़ कर हंसी ख्वाबों की।
लेटना सुस्ताना ग़ज़ल होती है ।।
सुबकना दिल खोलकर तन्हाइयों में।
महफिलों में गुनगुनाना ग़ज़ल होती है।।
सहकर लाख मुश्किलें मीत की खातिर।
रस्में प्यार निभाना ग़ज़ल होती है।।
कभी-कभी अपनों से यूं ही बेसबब।
रूठनाऔर मनाना ग़ज़ल होती है ।।
फूलों पर मस्त भंवरों का मंडराना।
और इश्क में लुट जाना ग़ज़ल होती है।।
चुनकर तिनका तिनका परिंदों की मानिंद।
एक हसीं नीड़ बनाना ग़ज़ल होती है ।।
रदीफ़ क़ाफिया और बज़ने बहर में दर्द ।
बात दिल की कह जाना ग़ज़ल होती है ।।
— अशोक दर्द
