गीत/नवगीत

बन दुशासन गर्व से इठला रहे हैं

आज के रघु चंद्र मनु यदुवंश वाले,
बन दुशासन गर्व से इठला रहे हैं।

द्रौपदी की लाज अब कैसे बचेगी?
पीड़िता- भाई खड़ा अरिपक्ष में है।
वृद्ध सारे बंध चुके हैं ताज से अब,
नवयुवा,नव कामिनी कटि-वक्ष में है।।
राम को तज,बैठ रावण के चरण में,
आसुरी कुकृत्य के गुण गा रहे हैं।

लाज की सीता भटकती जंगलों में,
बेहया तकती अयोध्या मौन साधे।
सुपनखा की देह पर मोहित पुरुष के,
गर्दनों में बोध – रस्सी कौन बांधे?
काम में अंधे पुरुष – नारी परस्पर,
छोड़ अपना, दूसरों को भा रहे हैं।

लिंग के आधार पर अंतर नहीं हो,
बात होती किंतु ऐसा कुछ न होता।
नारियां, नर और नर, नारी बने हैं,
काट रस्मों को मनुज बेख़ौफ़ सोता।।
एक मुख पर सौ मुखौटे को लगाए,
हंस बन कौए मलाई खा रहे हैं।

— डॉ. अवधेश कुमार अवध

*डॉ. अवधेश कुमार अवध

नाम- डॉ अवधेश कुमार ‘अवध’ पिता- स्व0 शिव कुमार सिंह जन्मतिथि- 15/01/1974 पता- ग्राम व पोस्ट : मैढ़ी जिला- चन्दौली (उ. प्र.) सम्पर्क नं. 919862744237 Awadhesh.gvil@gmail.com शिक्षा- स्नातकोत्तर: हिन्दी, अर्थशास्त्र बी. टेक. सिविल इंजीनियरिंग, बी. एड. डिप्लोमा: पत्रकारिता, इलेक्ट्रीकल इंजीनियरिंग व्यवसाय- इंजीनियरिंग (मेघालय) प्रभारी- नारासणी साहित्य अकादमी, मेघालय सदस्य-पूर्वोत्तर हिन्दी साहित्य अकादमी प्रकाशन विवरण- विविध पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशन नियमित काव्य स्तम्भ- मासिक पत्र ‘निष्ठा’ अभिरुचि- साहित्य पाठ व सृजन