लघुकथा

स्वच्छता और शहर

सुबह के दस बज रहे थे। नवनिर्वाचित सभापति अपने आफिस के अहाते में तैयार खड़े थे शायद उन्हें कहीं जाना था। बाहर ड्राइवर गाड़ी लेकर तैयार था। अचानक सभापति जी ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को आवाज लगाई और स्वच्छता प्रभारी को बुलाने को कहा। स्वच्छता प्रभारी ने आकर पूछा – “जी, कहिए।”
“देखिए, मैं एम जी बाजार की तरफ जा रहा हूं। जैसे ही मैं फोन करूं तुम जल्दी कचरा गाड़ी लेकर वहां तुरंत आ जाना।” वहां खड़े सभी लोग सभापति सहित मुस्कराएं।
सभापति की गाड़ी चलती चलती एक कचरे के ढ़ेर के पास जाकर रुकी। सभापति को देखकर कुछ दुकानदार वहां आ गये और पूछने लगे कि आज सुबह-सुबह किधर जा रहे हो जी। गंभीर होकर सभापति बोले- “जा तो कहीं ओर रहा था पर ये कचरे का ढेर देखकर रुक गया। क्या, यहां सफाई कर्मचारी नहीं आते?”
“जी नहीं!” दुकानदारों ने दुःखी होकर कहा।
“ठहरिए, अभी बुलाता हूं और सभापति फोन लगाते हैं।”
उधर से आवाज आती है, “जी अभी आते हैं।” दस मिनट में निगम की गाड़ी व कर्मचारी वहां आ गए।
सभापति जी ने उन्हें घुड़की लगाई। कचरा हटाया जाने लगा। लोग नये सभापति की गंभीरता की भूरि भूरि प्रशंसा करते हुए चर्चा करने लगे कि शायद अब हमारे शहर के दिन फिर जायें ऐसा लगता है। अगले दिन अखबारों ने भी फोटो सहित ये समाचार मन से छापा।

— व्यग्र पाण्डे

विश्वम्भर पाण्डेय 'व्यग्र'

विश्वम्भर पाण्डेय 'व्यग्र' कर्मचारी कालोनी, गंगापुर सिटी,स.मा. (राज.)322201