ग़ज़ल
मुस्कुराहट और खुशी है हर तरफ़।
कोई तो फिर भी कमी है हर तरफ़।
मौत के डर से उबरकर देखिये,
ज़िंदगी ही ज़िंदगी है हर तरफ़।
एक पल, इक दिन, महीना, साल क्या,
इक सदी बिखरी पड़ी है हर तरफ़।
गर्म सहरा और बवंडर, आँधियाँ,
रेत की सूखी नदी है हर तरफ़।
साथ मौसम के बदलती जाएगी,
एक सूरत मौसमी है हर तरफ़।
पास में पानी मुहब्बत का रखो,
आग नफ़रत की लगी है हर तरफ़।
शेरियत ही जय नज़र आती नहीं,
यूंँ लबों पर शायरी है हर तरफ़।
— जयकृष्ण चांडक ‘जय’
