गीत/नवगीत

परिवार हमारा

स्नेह-सिक्त संबंध सभी हों,
सुखी रहे परिवार हमारा।।

शिशुओं की सीत्कार नहीं हो
किलकारी से गूंजे घर सारा।

क्लेह-क्लेश, ना आह भरी हो
संवादों की अविरल धारा।

मधुर ध्वनि, संगीत पार्श्व में
भजन भजे परिवार ये सारा।

बड़ों का आदर- मान करें हम
उनकी छाया स्वर्गिक-धारा।

कथा-कहानी सुनें उन्हीं से
सुखद सरस जीवन की धारा।

पोषित हों संस्कार हमारे,
नव पीढ़ी की जीवन-धारा।

हँसे प्रणय की मृदु फुलवारी,
मणिकांचन संजोग हमारा।

नारी का सम्मान करें हम
घर-घर गुंजित इक ही नारा।

सुखी रहे परिवार हमारा।।
सुखी रहे परिवार हमारा।।

— पूनम माटिया

डॉ. पूनम माटिया

डॉ. पूनम माटिया दिलशाद गार्डन , दिल्ली https://www.facebook.com/poonam.matia poonam.matia@gmail.com