ग़ज़ल
सितारों के परे चल कर जहाँ हमको बसाना है,
निगाहों से निगाहों की शमा हरसू जलाना है।
हज़ारों ना-समझ ख़्वाबों की गिरहें हमसे कहती हैं,
हमारी पुर-सुकूँ राहों में जन्नत का ठिकाना है।
परेशाँ हमको करती हैं बगलगीरी की उम्मीदें,
नफ़ासत रोक ना ले, अब गले तुमको लगाना है।
हलाहल पीते आए हैं ज़माने में लगा कर दिल,
क़रीब आओ, पशेमानी के किस्सों को भुलाना है।
ये बातें शादमानी और ये चर्चे सोगवारी के,
इन्हीं का ताना-बाना बुनके उम्र अपनी बिताना है।
ख़िरदमंदों की बातें वो ही जानें, हमको उनसे क्या,
हमें तो अपने मन के सारे नग़मे गुनगुनाना है।
न जाने कितने गीत अपने लबों पे आके ठहरे हैं,
कभी फ़ुर्सत से मिल जाओ, तरन्नुम में सुनाना है।
— प्रियंका अग्निहोत्री
