शक्ति पूजा – शारदीय नवरात्रि
आई नवरात्रों की मंगल बेला
हो रहा माता का जय-जय गान
मेरी कलम में इतनी शक्ति कहां
जो मां के गुण कर सके बखान।
पूजा के बड़े – बड़े पंडाल लगे हैं
रंग-बिरंगी रोशनियों से सजे हैं
देवी मां की ऐसी भव्य प्रतिमाएं
सहज ही मन मंत्रमुग्ध हो जाए।
हर पंडाल की है अपनी विशेषता
अनेकता में झलक रही एकता
है सबका अपना-अपना इतिहास
जन-जन कर रहा डांडिया- रास।
है हर तरफ अलौकिक छटा छाई
बाजारों में रौनक लौट आई
उल्लास , उमंग से हैं सब भरे
अधरों पर मुस्कान धारण किए ।
साथ ही स्टाल भी हैं लगाए गये
आकर्षक ढ़ंग से सब सजाये गये
उपलब्ध हैं तरह-तरह के व्यंजन
संग लोक-संगीत का मधुर मंचन
आस्था व शक्ति का अद्भुत संगम
प्रेम व भक्ति में रमा कण-कण
पूजा, आरती व प्रसाद वितरण
पुलकित करे जीवन का हर क्षण
शक्ति की महिमा तो है अपरंपार
स्वीकारता इसे सारा संसार
शक्ति के बिना शांति भी अधूरी है
शांति के साथ शक्ति भी जरूरी है
नवरात्रि के नौ दिन अति शुभकर
पूर्ण हों आपके सब मनोरथ
जगदम्बा हम पर ऐसी कृपा करें
शांति, सुख व शक्ति का वर मिले
घर-घर हो रही मां की आराधना
पूर्ण करो मां सबकी मनोकामना
हर घर शक्ति से हो परिपूर्ण
सबको नवरात्रि की शुभकामना ।
हर घर शक्ति से हो परिपूर्ण
सबको नवरात्रि की शुभकामना।
।।जय माता दी।।
— नवल अग्रवाल
