हास्य व्यंग्य

व्यंग्य – अध्यक्षजी ने खोया आपा, हमें याद आए पापा!

राजनीति भी बड़ी कमाल की चीज है। नेताओं के मुँह से कोई शब्द निकल जाए, तो राष्ट्रीय बहस छिड़ जाती है। अध्यक्षजी के बयान में ‘बाप’ शब्द क्या आया, हमें अपने पापा याद आ गए।

हमारे पापा जब अम्मा से झगड़ते, तो अक्सर कहते, “तू क्या, तेरा बाप भी आएगा!” अम्मा तुरंत पलटवार करतीं, “हम तो तुम्हारी इज्जत करते हैं, तुमने हमारे बाबूजी का नाम कैसे लिया?” वहीं पापा का जवाब होता, “कान खोलकर सुन ले, एक नहीं, दस बार लूँगा!”

हम संदूक के पीछे दुबककर सोचते कि पापा ने नानाजी का नाम तो लिया ही नहीं, फिर अम्मा नाराज क्यों हैं? और कान खोलकर सुनने का मतलब क्या है? क्या कानों में भी दरवाजों की तरह कब्जे लगे होते हैं?

बड़े होकर समझ आया कि घर हो या राजनीति, जब तर्क कमजोर पड़ने लगते हैं, तो रिश्तेदारों को मैदान में उतार दिया जाता है। अध्यक्षजी के बयान में कोई ‘जाएगा’ तो हमारे पापा के संवाद में कोई ‘आएगा’। फर्क बस इतना है कि एक राष्ट्रीय स्तर पर बोलता है, दूसरा पारिवारिक स्तर पर। वहाँ प्रेस कॉन्फ्रेंस होती है, यहाँ रसोई के पास। वहाँ राजनीतिक गलियारों में हलचल मचती है, यहाँ घर के गलियारों में सन्नाटा छा जाता है।

वैसे हमारे पापा की राजनीति भी कम दिलचस्प नहीं थी। अम्मा विपक्ष की नेता थीं और हम निर्दलीय सदस्य। मतदान करने की हमारी हैसियत नहीं थी, क्योंकि मतदान से पहले ही हमें संदूक के पीछे शरण लेनी पड़ती थी! घर में झगड़ा खत्म होने पर अम्मा-पापा एक ही थाली में खाना खा लेते थे, लेकिन राजनीति में बयानबाजी खत्म होने के बाद भी आरोप-प्रत्यारोप की थाली सजती रहती है।

सच तो यह है कि जब बहस में रिश्तेदारों को घसीटना पड़े, तो समझिए मुद्दे कमजोर और अहंकार मजबूत हो गया है। अध्यक्षजी का बयान सुनकर पापा की याद आई। फर्क इतना है कि तब हम संदूक के पीछे छिपते थे, आज लोग टीवी का चैनल बदल लेते हैं। जमाना बदल गया, मगर बहस में “बाप” को घसीटने की परंपरा आज भी कायम है!

— संजय एम तराणेकर

संजय एम. तराणेकर

जन्म वर्ष 1968 कवि, स्वतंत्र लेखक व टिप्पणीकार। शिक्षा स्नातक एवं गायन में 1986 में विद् किया होकर केन्द्रीय सचिवालय हिन्दी परिषद् द्वारा हिन्दी आषुलिपि प्रतियोगिता में वर्ष 1992 प्रषस्ति-पत्र प्राप्त। विशेष रूचि-बॉलीवुड फिल्में एवं संगीत, पुस्तक समीक्षा एवं राजनीति। मैं मूलतः मध्य प्रदेश के स्वच्छता में हैट्रिक लगा चुके एवं चार बार नंबर वन बनें स्मार्ट सिटी इन्दौर का निवासी हूँ। 1990 के दशक में लेखन में मन रमने लगा और ‘पत्र संपादक के नाम‘ से अपनी प्रारंभिक शुरूआत की। लेखकीय सुकून कितना संतोष देता है, इसकी बात ही कुछ और है। युवा होने पर फिल्मी कलाकारों की तरफ झुकाव ने फिल्मों पर आलेख लिखने की प्रेरणा दी। इसमें मेरी रूचि भी थी। विशेषकर पुराने फिल्मी कलाकारों के जीवन से सम्बंधित आलेखों पर अधिक ध्यान आकर्षित रहा। बावजूद इसके लघु कथा व कविता (बतौर युवा कवि आकाशवाणी इन्दौर में कविता पाठ के भी कई अवसर प्राप्त हुए है।) के अलावा सामयिक, सामाजिक एवं राजनैतिक विषयों पर समय-समय पर अपनी लेखनी को आयाम देने के प्रयास आज भी अनवरत हैं। अब तक विभिन्न समाचार-पत्रों में मुख्य रूप से बॉलीवुड/सिनेमा की साप्ताहिक मेगजीनों में आलेखों एवं पुस्तक समीक्षाओं का प्रकाशन हो चुका है। इनमें ‘लोकमत समाचार-आकर्षण व शो टाईम, राजस्थान पत्रिका-बॉलीवुड, पंजाब केसरी व दैनिक ट्रिब्यून के मनोरंजन, राज एक्सप्रेस-राज सिनेमा, द सी एक्सप्रेस-सी सिनेमा, हरि-भूमि के रंगारंग व रविवार भारती, चौथा संसार के बॉलीवुड, बीपीएन टाईम्स के शो बीपीएन व तरंग, लोकदशा के पर्दा-बेपर्दा व विविधा, नव-भारत एवं स्वतंत्र भारत के अलावा कई स्थानीय समाचार-पत्रों में भी आलेखों का प्रकाशन हो चुका है। वहीं ‘स्वतंत्र वार्ता एवं डेली हिन्दी मिलाप‘ में कई वर्षो तक नियमित रूप से लिखने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। 31, संजय नगर, इन्दौर-452011 मध्य प्रदेश, (वार्ता+वाट्स एप) 98260.25986 ईमेलः s.taranekar@rediffmail.com, Facebook – https://www.facebook.com/Taranekar9