अधूरा आसमान
महानगर के उस सबसे व्यस्त चौराहे पर, जहाँ ज़िंदगी रोबोटिक रफ़्तार से दौड़ती है, लाल बत्ती की हर एक चीख़ के साथ बारह साल का राजू अपनी बदक़िस्मती का अक्स लेकर सड़क पर उतर आता था। उसके नन्हे हाथों में खेलने के लिए कोई खिलौना नहीं, बल्कि एक मैला-कुचैला कपड़ा और पानी की एक पुरानी बोतल होती थी। जैसे ही गाड़ियों का कारवाँ रुकता, वह हवा से बातें करते हुए शीशे साफ़ करने में जुट जाता। उसकी आँखों में बाल-सुलभ चंचलता या वो बेपरवाह चमक नहीं थी, जो इस उम्र के बच्चों का गहना होती है; बल्कि वहाँ एक असीम, अगाध और ख़ामोश संजीदगी तैरती थी,मानो वह अपनी उम्र की देहरी लांघकर वक्त से बहुत आगे निकल आया हो।
एक दोपहर, धूप जब अपने तेवर तीख़े कर रही थी, तब एक शीशेदार, वातानुकूलित मर्सिडीज की पिछली सीट पर बैठे एक सुकुमार बच्चे के हाथ में रंगों से सराबोर कोई परीकथाओं की किताब खुली हुई थी। राजू ने गाड़ी का शीशा साफ़ करते-करते एक क्षण के लिए ठहरकर उन सुनहरी तस्वीरों को निहारा। अचानक उसके मानस-पटल पर धुंधली सी याद कौंधी बहुत पहले, उसने भी कागज़ की नावों के साथ ऐसे ही किसी रंगीन संसार का सपना देखा था। किंतु नियति की आंधी में पिता की लंबी बीमारी और घर के बुझते हुए चूल्हे की ठंडक ने उसे उन सपनों की महकती गलियों से खींचकर इस धुएँ, शोर और बेदर्द डामर की सड़कों पर ला पटका।
उसके वे कोमल हाथ, जो कभी वर्णमाला गढ़ने और कमान-कलम थामने के लिए रचे गए थे, अब चौराहे की गर्म धूल और संघर्ष की भट्टी में तपकर कठोर हो चुके थे। उसके लिए विद्यालय की प्रार्थना और मध्यांतर की घंटियाँ किसी भूली-बिसरी दास्तान की तरह थीं।
उसने बचपन की दहलीज़ पर पाँव रखते ही सीधे उस ‘बुढ़ापे’ का दामन थाम लिया था, जहाँ सपनों की गुंजाइश नहीं, बस उत्तरदायित्वों का भारी भरकम बोझ और बेबसी का अंधेरा होता है।
शाम की उदास परछाइयाँ जब लंबी होने लगीं, तब वह दिनभर की क़शमक़श के बाद कुछ सिक्के अपनी झोली में समेटे हुए अपनी आशियाना-नुमा झुग्गी की तरफ़ लौट रहा था। रास्ते में फुटपाथ के किनारे उसे एक टूटा हुआ प्लास्टिक का हवाई जहाज़ धूल फांकता हुआ मिला। उसने उसे उठाया, अपनी हथेली से उसकी गर्द झाड़ी और फ़िर एक सिसकती हुई लंबी आह भरकर उसे वहीं छोड़ दिया। उस टूटे हुए खिलौने को देखकर उसे एक टीस के साथ अहसास हुआ कि वह अब महज़ एक बच्चा नहीं रहा। वक्त के पहिये ने उसे इतनी क्रूरता से रौंदा था कि उसका बचपन कहीं पीछे, उन अनदेखीयों और घुप्प अंधेरी गलियों में दम तोड़ चुका था, जहाँ अब केवल अनवरत थकान और दो जून की रोटी की जंग का साम्राज्य था।
बचपन की बेफ़िक्री और खिलखिलाहट हर किसी की तकदीर में बमुश्किल ही सही, पर मुकम्मल कहाँ होती है? आज भी हमारे समाज का एक बड़ा और अदृश्य हिस्सा अपनी कोमल जवानी और उम्र के शुरुआती पड़ाव को ही इस उम्र से पहले के ‘बुढ़ापे’ की अंतहीन थकान में होम कर रहा है। विचार कीजिए,यदि हम इन नन्हे, कोमल हाथों से संघर्ष का यह भारी बोझ छीनकर इन्हें आसमान में पाँव पसारने और सपने बुनने का एक अदना सा मौक़ा दे सकें, तो शायद इस दुनिया की हर उदास मुस्कान के पीछे का यह ‘अधूरा आसमान’ हमेशा-हमेशा के लिए पूरा हो सके।
— डॉ. मुश्ताक़ अहमद शाह ‘सहज़’
