ग़ज़ल
करें क्या भाग्य में गर आ गया है
रहा लिक्खा सितमगर आ गया है
न जाता है घुसा जो ज़िंदगी में
कहाँ से दुख-दलिद्दर आ गया है
पड़ा है दर्द का पत्थर तहों में
उमड़ता अश्क़ बाहर आ गया है
इसी के बाद पर्वत-पार गलियाँ
विदा अब रेत, सागर आ गया है
नहीं है वक़्त इतना पास तेरे
बचा शीशा कि पत्थर आ गया है
हमें तो देखकर हालात जग के
हुआ अक्सर कि चक्कर आ गया है
बड़े ही आंतरिक थे दोस्त अपने
समय का फेर अन्तर आ गया है
गए हैं उठ बड़े डॉक्टर महोदय
अभी जब पास नम्बर आ गया है
— केशव शरण
