नहीं भरोसा रहा किसी पर
नहीं भरोसा रहा किसी पर, किसको अपना है कहना।
बात बात पर घात करें सब, कैसे बच के है रहना।
दीवारें खींच के नफरत की, तोड़ दिये बंधन सारे।
आज बनें हैं अपनें दुश्मन, लगते मन को थे प्यारे।
समझ सके कब इक दूजे को, शंका बीच बनी गहना।
नहीं भरोसा रहा किसी पर, किसको अपना है कहना।
प्रेम भरा था सागर इतना, किये वैर नें सब खारे।
आप लुटा के सब कुछ अपना, ऐसे ही हम तो हारे।
कौन बने अब दुख में साथी, अपना दुख खुद है सहना।
नहीं भरोसा रहा किसी पर, किसको अपना है कहना।
मिली प्यार में हम को ठोकर, नहीं जमाने का छोड़ा।
जिगर किया है टुकड़े टुकड़े, ऐसे निष्ठुर नें तोड़ा।
रोको तो कब रुक पाते हैं, नैन आंसुओं का बहना।
नहीं भरोसा रहा किसी पर, किसको अपना है कहना।
— शिव सन्याल
