लघुकथा

मानिनी

सिया एक अंतर्मुखी स्त्री थी। संयुक्त परिवार में पली-बढ़ी। फेसबुक पर उसकी पहचान राधेय से हुई, जो पेशे से काउंसलर था। उम्र में वह उससे तीन वर्ष छोटा था, पर उसकी आत्मीय बातों के बीच सिया अपनी उम्र भूलकर जैसे फिर अठारह बरस की हो जाती। शायद वह प्रेम करने लगी थी।
वह जानती थी कि इस रिश्ते का कोई भविष्य नहीं। दोनों की दुनिया अलग थी। राधेय विवाह से दूर, अपनी स्वतंत्र जीवन-शैली में संतुष्ट; और सिया, दो सयाने बेटों की माँ। फिर भी उससे बात करना उसे अच्छा लगता था। एक बार सीमा बता देने के बाद राधेय ने कभी कोई ऐसी बात नहीं की थी जो मर्यादा लाँघती हो।
कुछ दिनों से राधेय बदल-सा गया था। पहले जैसी आत्मीयता नहीं रही। सिया फिर भी उसी निष्ठा से रिश्ता निभा रही थी। कभी-कभी उसे छेड़ने के लिए उससे जुड़ी महिलाओं का नाम लेकर चुटकी भी ले लेती।
एक दिन राधेय हँसते हुए बोला, “प्यार-व्यार तो करती नहीं। पेटीएम पर तीन सौ रुपये भेजने को कहो तो सोचने लगती हो, और हक ऐसे जताती हो जैसे अठारह साल की गर्लफ्रेंड हो।” सिया के भीतर जैसे कुछ टूट गया। राधेय तुरंत बोला, “अरे… दिल पर मत लेना। मज़ाक था।”
सिया मुस्कराई- “बुरा क्यों मानूँगी? सच ही तो कहा है।” उसके बाद उसने न कभी राधेय को संदेश भेजा, न उसके किसी संदेश का जवाब ही दिया।
बस मन में सोचा- “कुछ रिश्ते अपमान से नहीं टूटते, आत्मसम्मान से समाप्त हो जाते हैं।”

— पूजा अग्निहोत्री

पूजा अग्निहोत्री

पति का नाम - श्री प्रदीप अग्निहोत्री उपलब्धियाँ - विभिन्न पत्र पत्रिकाओं में प्रकाशित। पता - थाना रामनगर, काली मन्दिर के पास राजनगर, जिला- अनूपपुर (मध्य प्रदेश) पिन- 484446 मो. 09425464765 ईमेल - agnihotrypooja71@gmail.com

Leave a Reply