रंसीह कलां गाँव, जहाँ किताबें पढ़ने पर मिलता है पुरस्कार
भारत के गाँवों की पहचान कभी उनकी चौपालों, सामुदायिक जीवन, खेत-खलिहानों और परस्पर सहयोग की परम्परा से हुआ करती थी। बदलते समय में गाँवों के सामने शिक्षा, पर्यावरण प्रदूषण, जल संरक्षण, कृषि अपशिष्ट और सामाजिक समस्याओं की अनेक चुनौतियाँ खड़ी हुई हैं। ऐसे समय में यदि कोई गाँव अपनी समस्याओं का समाधान केवल सरकारी योजनाओं के भरोसे न छोड़कर सामूहिक संकल्प, रचनात्मक सोच और स्थानीय संसाधनों के सहयोग से खोजने का प्रयास करे, तो वह निश्चित रूप से वह अनूठा होगा, जो देश के लिए प्रेरणा बन जाता है।
पंजाब के मोगा जिले का रंसीह कलां ऐसा ही एक उल्लेखनीय गाँव है। यहाँ बच्चों और ग्रामीणों को पुस्तकें पढ़ने के लिए नकद पुरस्कार दिए जाते हैं, पौधारोपण और पौधों की देखभाल करने पर आर्थिक प्रोत्साहन मिलता है तथा प्लास्टिक कचरा जमा करके देने पर उसके बदले चीनी और अन्य घरेलू उपयोग की वस्तुएँ दी जाती हैं। इतना ही नहीं, इस गाँव ने पराली जलाने की समस्या, जल संरक्षण, गंदे पानी के पुनः उपयोग और नशामुक्ति जैसे विषयों पर भी उल्लेखनीय सामुदायिक पहल की है।
विशेष बात यह है कि यहाँ विकास का अर्थ केवल पक्की सड़कें, भवन और सरकारी सुविधाएँ जुटाना नहीं है, बल्कि नागरिकों की आदतों, सोच और सामाजिक जिम्मेदारियों में सकारात्मक परिवर्तन लाना भी है।
रंसीह कलां की सबसे प्रशंसनीय पहलों में से एक है गाँव में पढ़ने की संस्कृति को पुनर्जीवित करना। आज जब मोबाइल फोन, इंटरनेट और सोशल मीडिया ने बच्चों के खाली समय का बड़ा हिस्सा अपने प्रभाव में ले लिया है, तब इस गाँव ने पुस्तक पढ़ने को प्रोत्साहित करने के लिए एक व्यावहारिक व्यवस्था विकसित की है।
गाँव में महाराजा रणजीत सिंह के नाम से एक पुस्तकालय स्थापित किया गया है। इसमें लगभग एक हजार पुस्तकें उपलब्ध होने की जानकारी प्राप्त हुई है। यहाँ बच्चे, युवा और अन्य ग्रामीण अपनी रुचि के अनुसार पुस्तकें लेकर पढ़ सकते हैं।
इस पहल की विशेषता यह है कि पुस्तकालय से पुस्तक ले जाना ही पर्याप्त नहीं माना जाता, बल्कि पाठक ने पुस्तक में क्या पढ़ा और कितना समझा, इसका भी मूल्यांकन किया जाता है। पुस्तक पढ़ने के बाद प्रतिभागियों की लिखित अथवा मौखिक परीक्षा आयोजित की जाती है। बेहतर प्रदर्शन करने वाले पाठकों को नकद पुरस्कार और सम्मान दिया जाता है।
इस योजना का उद्देश्य केवल बच्चों को कुछ पैसे देकर पुस्तक पढ़वाना नहीं, बल्कि उनमें नियमित अध्ययन, चिंतन और ज्ञान प्राप्त करने की आदत विकसित करना है। पुस्तक पढ़ने के बाद परीक्षा की व्यवस्था से यह भी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाता है कि बच्चे केवल पन्ने न पलटें, बल्कि पढ़ी हुई सामग्री को समझें और अपने जीवन में उसका उपयोग कर सकें।
वर्ष 2023 में शुरू की गई इस पुस्तकालय आधारित पहल का उल्लेख नवंबर 2025 में प्रकाशित द इंडियन एक्सप्रेस की विस्तृत रिपोर्ट में भी किया गया है।
यह प्रयोग देश के उन विद्यालयों और ग्राम पंचायतों के लिए अनुकरणीय है, जो बच्चों में पठन-पाठन की रुचि बढ़ाना चाहते हैं। यदि प्रत्येक गाँव में पुस्तकालय के साथ इस प्रकार की प्रोत्साहन व्यवस्था विकसित की जाए, तो ग्रामीण क्षेत्रों में ज्ञान का एक नया वातावरण तैयार हो सकता है।
— गौरीशंकर वैश्य विनम्र
