धन के पीछे भागती दुनिया – लक्ष्मी की तलाश में अलक्ष्मी का आलिंगन
दीपावली बीत गई। इसके साथ जुड़े दूसरे पर्व भी धीरे-धीरे विदा हो रहे हैं। इन दिनों हमने लक्ष्मी मैया को प्रसन्न करने और अपने घर-आँगन में स्थायी रूप से विराजमान करने के लिए क्या-क्या नहीं किया! असंख्य दीप जलाए, आँखों को चुँधिया देने वाली रोशनी से रात को जगमगाया, रातभर जागकर पूजा-पाठ किया और देवी की आराधना में कोई कसर बाकी नहीं रखी।
लक्ष्मी और महालक्ष्मी के मंदिरों में ढोल-नगाड़े बजाए, भजन-कीर्तन किए, डीजे और ध्वनि-विस्तारकों पर स्तोत्रों, मंत्रों और स्तुतियों की गूँज पैदा की। सुबह, दोपहर, शाम और मध्यरात्रि तक आरतियाँ हुईं। जयघोषों से वातावरण गुंजायमान रहा। घरों में लक्ष्मीपूजन हुआ, पण्डितों से अनुष्ठान करवाए गए, मंत्रोच्चार हुए और देवी की प्रतिमाओं का मनोहारी शृंगार किया गया।
हमने वह सब कुछ किया, जो हमारी परम्पराओं में रहा है, जो हमें बताया गया और जो हमारी कल्पनाओं में आया। लेकिन प्रश्न यह है कि क्या लक्ष्मी मैया वास्तव में हम पर प्रसन्न हुईं? क्या वे हमारे घरों में ठहरने आईं? अथवा हम केवल बाहरी आडम्बर और कर्मकाण्डों में ही उलझे रह गए?
लक्ष्मी चंचला कही जाती हैं। लेकिन क्या उनके न ठहरने का कारण केवल उनकी चंचल प्रकृति है, अथवा हमारी अपनी जीवनशैली और धन के प्रति दृष्टिकोण भी इसके लिए जिम्मेदार है?
लक्ष्मी की आराधना या धन की अंधी उपासना?
सच तो यह है कि किसी अन्य पर्व-त्योहार के लिए हम शायद ही इतनी गंभीरता और उत्सुकता दिखाते हों, जितनी लक्ष्मीपूजन के अवसर पर दिखाई देती है। आखिर मामला धन-संपत्ति का जो है! धन के नाम पर हमारी सक्रियता, तत्परता और समर्पण देखते ही बनता है। लगता है जैसे जीवन का एकमात्र उद्देश्य धन अर्जित करना और उसे किसी भी कीमत पर अपने पास बनाए रखना ही रह गया है।
आज अधिकांश लोगों की प्राथमिकताओं में पैसा सर्वाेपरि हो गया है। धन पाने की लालसा कई बार मनुष्य को नैतिकता, संवेदना और विवेक की सीमाएँ लाँघने के लिए भी प्रेरित कर देती है। हम धन के लिए अपना समय, स्वास्थ्य, पारिवारिक सुख, मानसिक शान्ति और यहाँ तक कि आत्मसम्मान तक दाँव पर लगाने को तैयार हो जाते हैं।
विडम्बना यह है कि धन की इस अंधी दौड़ में शामिल होकर हम स्वयं को भाग्यशाली और सफल समझने लगते हैं, जबकि कई बार हमारी यह दौड़ हमें वास्तविक समृद्धि से दूर ले जाती है।
हम प्रतिवर्ष लक्ष्मी की आराधना करते हैं, लेकिन वर्षभर हमारी प्राथमिकताएँ कुछ और ही रहती हैं। मन में अकूत धन-संपदा पाने की आकांक्षा बनी रहती है और उसके लिए उचित-अनुचित, नैतिक-अनैतिक रास्तों के बीच का अंतर भी धुँधला पड़ने लगता है। इसके बावजूद तृप्ति नहीं मिलती। शायद इसलिए कि लालच का कोई अंतिम पड़ाव नहीं होता। जिसके पास जितना अधिक होता है, कई बार उसकी चाहत उससे भी अधिक पाने की होती है।
जिसे लक्ष्मी समझ बैठे हैं, कहीं वह अलक्ष्मी तो नहीं?
लक्ष्मी और अलक्ष्मी के बीच का अंतर समझना आज पहले से कहीं अधिक आवश्यक हो गया है। हमारी सबसे बड़ी भूल यही है कि हमने लक्ष्मी के अर्थ को केवल रुपये-पैसे, सोने-चाँदी, जमीन-जायदाद और भौतिक वैभव तक सीमित कर दिया है। जबकि वास्तविक लक्ष्मी का अर्थ कहीं अधिक व्यापक है।
धन जीवन का एक साधन है, स्वयं जीवन का अंतिम लक्ष्य नहीं। वास्तविक समृद्धि वह है, जिसमें धन के साथ स्वास्थ्य, मानसिक शान्ति, संतोष, सदाचार, आत्मसम्मान, पारिवारिक सुख, सामाजिक प्रतिष्ठा और दूसरों के काम आने की क्षमता भी शामिल हो।
जिस संपत्ति को पाने के लिए मनुष्य को अपनी शान्ति गँवानी पड़े, जिसके संरक्षण के लिए हर समय भय और आशंका में जीना पड़े, जिसके कारण रिश्ते टूटें, विश्वास समाप्त हो और जीवन निरन्तर तनाव से घिरा रहे, उसे वास्तविक लक्ष्मी कैसे कहा जा सकता है?
ऐसी संपदा भले ही बाहर से आकर्षक दिखाई दे, लेकिन यदि वह व्यक्ति के भीतर लोभ, असुरक्षा, अहंकार और अशान्ति बढ़ा रही है तो वह समृद्धि नहीं, बल्कि अलक्ष्मी का स्वरूप है।
अलक्ष्मी की चौकीदारी में बीतता जीवन
अनुचित साधनों से अर्जित धन को अपने पास बनाए रखने के लिए मनुष्य को अनेक प्रकार के जतन करने पड़ते हैं। उसे हर समय चोरी, लूट, धोखाधड़ी, छीन लिए जाने और कानूनी कार्रवाई का भय सताता रहता है। धन की सुरक्षा के लिए पहरेदार, सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा के अनेक इंतजाम करने पड़ते हैं। कई बार अपनी अवैध कमाई और काले कारनामों को छिपाने के लिए नए-नए समझौते और जोड़-तोड़ भी करने पड़ते हैं।
ऐसे धन का स्वामी बाहर से कितना ही शक्तिशाली और प्रभावशाली क्यों न दिखाई दे, भीतर से वह आशंकाओं और असुरक्षाओं से घिरा रहता है। उसकी रातों की नींद और दिन का चौन धन की रखवाली में ही खप जाता है।
इसके विपरीत, शुचिता, ईमानदारी और पुरुषार्थ से अर्जित संपत्ति व्यक्ति को आत्मसम्मान और निर्भयता प्रदान करती है। उसे अपने धन को लेकर किसी के सामने सफाई देने या अनैतिक समझौते करने की आवश्यकता नहीं पड़ती। वह अपनी उपलब्धियों के साथ सहज और संतुष्ट रह सकता है।
यही वास्तविक अंतर है लक्ष्मी और अलक्ष्मी का। एक मनुष्य को निर्भयता, संतोष और आत्मगौरव देती है, जबकि दूसरी उसे लोभ, भय और असुरक्षा के जाल में उलझाए रखती है।
करोड़ों के स्वामी, फिर भी भिखारी जैसी बेचैनी
धन के पीछे भागने की प्रवृत्ति का सबसे विचित्र रूप उन लोगों में दिखाई देता है, जिनके पास पहले से ही अकूत संपत्ति, विशाल जमीन-जायदाद और तमाम भौतिक सुविधाएँ मौजूद हैं, लेकिन उनकी भूख समाप्त होने का नाम नहीं लेती।
वे दिन-रात और अधिक पाने की जुगत में लगे रहते हैं। अपने से अधिक संपन्न और प्रभावशाली लोगों के आगे झुकते हैं, मिन्नतें करते हैं, जोड़-तोड़ करते हैं और कई बार अपने आत्मसम्मान तक को दाँव पर लगा देते हैं।
यह कैसी विडम्बना है कि जिसके पास सब कुछ है, वह भी स्वयं को अभावग्रस्त समझता है! जिसके भण्डार भरे हुए हैं, वह भी और अधिक पाने के लिए बेचौन है। धन बढ़ता जाता है, लेकिन तृप्ति घटती जाती है।
ऐसे लोग धनवान तो हो सकते हैं, लेकिन आवश्यक नहीं कि लक्ष्मीवान भी हों। क्योंकि धन का वास्तविक मूल्य उसके संचय में नहीं, बल्कि उसके सदुपयोग और उससे प्राप्त होने वाली जीवन-संपन्नता में निहित है।
लक्ष्मी का वास्तविक स्वरूप – संतोष, शुचिता और सदाचार
लक्ष्मी का अर्थ केवल मुद्रा और भौतिक संपदा नहीं है। जीवन में स्वास्थ्य, सौंदर्य, ज्ञान, विवेक, सद्बुद्धि, प्रतिष्ठा, आत्मविश्वास, परिवार का स्नेह, सामाजिक सम्मान और मानसिक शान्ति भी समृद्धि के ही स्वरूप हैं।
जिस व्यक्ति के पास पर्याप्त धन हो, लेकिन वह उसका उपभोग तक न कर पाए, रातभर चौन से सो न सके, बीमारियों और तनाव से घिरा रहे, परिवार में आत्मीयता न हो और समाज में उसका सम्मान न हो, उसकी संपन्नता का वास्तविक अर्थ क्या रह जाता है?
वास्तविक लक्ष्मीवान वह है, जिसके पास जीवन को आनंदपूर्वक जीने की क्षमता हो। जो अपने धन का सदुपयोग कर सके, दूसरों के सुख-दुःख में सहभागी बन सके और अपने भीतर संतोष तथा उदारता बनाए रख सके।
धन की प्रचुरता से अधिक महत्त्वपूर्ण है मन की समृद्धि। संपत्ति का विस्तार तभी सार्थक है, जब उसके साथ व्यक्तित्व का भी विकास हो।
लक्ष्मी वहीं प्रसन्न होती हैं, जहाँ उदारता और परोपकार का वास हो
वास्तविक लक्ष्मी की पहचान केवल किसी व्यक्ति के बैंक खाते, तिजोरी या जमीन-जायदाद से नहीं हो सकती। उसकी पहचान इस बात से होती है कि वह अपने धन का उपयोग किस प्रकार करता है।
क्या वह जरूरतमन्दों की सहायता करता है? क्या वह समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देता है? क्या उसके भीतर दीन-दुःखियों के प्रति संवेदना है? क्या वह शिक्षा, चिकित्सा, सेवा और जनकल्याण के कार्यों में अपनी सामर्थ्य के अनुसार भागीदारी निभाता है?
जो धन दूसरों के दुःख दूर करने में काम आता है, वही धन अपनी सार्थकता सिद्ध करता है। शुचिता और पुरुषार्थ से अर्जित संपत्ति जब दान, सेवा और परोपकार में लगती है, तभी वह व्यक्ति के जीवन के साथ समाज के लिए भी मंगलकारी बनती है।
इसके विपरीत, जो व्यक्ति धन का संचय तो करता है, लेकिन जरूरतमन्दों के प्रति संवेदनहीन बना रहता है, उसके लिए संपत्ति केवल संग्रह की वस्तु बनकर रह जाती है। धन का ऐसा संचय समाज के प्रति किसी उत्तरदायित्व का निर्वाह नहीं करता।
धनवान होना और लक्ष्मीवान होना एक बात नहीं
समाज में ऐसे अनेक लोग दिखाई देते हैं, जिनके पास अपार धन-संपत्ति है, लेकिन उनके व्यवहार में उदारता, संवेदनशीलता, संतोष और परोपकार का अभाव है। वे दूसरों की सफलता से ईर्ष्या करते हैं, हर व्यक्ति में कमियाँ खोजते हैं और अपने वैभव के बावजूद मानसिक रूप से अशान्त रहते हैं।
कई बार धन और प्रतिष्ठा का बाहरी प्रदर्शन इतना अधिक होता है कि उसके पीछे छिपी असुरक्षा, असंतोष और संवेदनहीनता दिखाई ही नहीं देती। लेकिन किसी व्यक्ति की वास्तविक समृद्धि का आकलन उसके बाहरी वैभव से नहीं, बल्कि उसके आचरण और जीवन-मूल्यों से होना चाहिए।
भ्रष्टाचार, रिश्वतखोरी, शोषण, छल-कपट और अनुचित साधनों से अर्जित संपत्ति किसी व्यक्ति को कुछ समय के लिए प्रभावशाली बना सकती है, लेकिन उससे स्थायी प्रतिष्ठा और आत्मिक संतोष प्राप्त नहीं हो सकता। ऐसी कमाई के साथ जुड़ी सामाजिक अविश्वसनीयता और नैतिक पतन व्यक्ति की उपलब्धियों को भीतर से खोखला कर देते हैं।
सच्चा वैभव वह है, जिसे व्यक्ति सम्मानपूर्वक अर्जित करे, आनंदपूर्वक भोगे और उदारतापूर्वक दूसरों के साथ बाँट सके।
लक्ष्मी की प्राप्ति का मार्ग – स्वयं को शुद्ध-बुद्ध और पावन बनाइए
लक्ष्मीवान होने का अर्थ है जीवन के हर क्षेत्र में समृद्ध होना। तन स्वस्थ हो, मन प्रसन्न हो, विचार निर्मल हों, व्यवहार उदार हो और आचरण में शुचिता हो। जिस व्यक्ति के भीतर संतोष, सदाचार, परदुःखकातरता और सेवाभाव है, वही वास्तविक अर्थों में संपन्न है।
भारतीय आध्यात्मिक परम्परा में लक्ष्मी को भगवान नारायण की अर्धांगिनी माना गया है। यह प्रतीकात्मक संदेश भी अत्यन्त अर्थपूर्ण है कि समृद्धि का स्थायी आधार धर्म, मर्यादा, संतुलन और लोकमंगल होना चाहिए।
इसी भावभूमि में दरिद्र नारायण की सेवा का विचार सामने आता है। भूखे को भोजन, प्यासे को पानी, जरूरतमन्द को सहयोग, रोगी को उपचार और अशिक्षित को शिक्षा उपलब्ध कराना भी लक्ष्मी की सार्थक आराधना है।
यदि हम चाहते हैं कि लक्ष्मी हमारे जीवन में स्थायी रूप से विराजमान रहें, तो हमें अपने भीतर के लोभ, अहंकार, छल और संग्रह की अंधी प्रवृत्ति को नियंत्रित करना होगा। धन को साधन बनाना होगा, साध्य नहीं।
लक्ष्मी की तलाश में अलक्ष्मी का आलिंगन न करें
दीपावली पर असंख्य दीप जलाना अच्छी परम्परा है, लेकिन जीवन में ईमानदारी, सदाचार और संवेदना का दीप जलाना उससे भी अधिक आवश्यक है। मंदिरों में आरती करना पुण्यकारी है, लेकिन किसी जरूरतमन्द के जीवन में आशा का प्रकाश फैलाना भी उतना ही महत्त्वपूर्ण है।
लक्ष्मी की आराधना का वास्तविक अर्थ केवल धन प्राप्ति की कामना करना नहीं, बल्कि स्वयं को उस योग्य बनाना है जहाँ समृद्धि का सदुपयोग हो सके। जिस संपत्ति के साथ संतोष नहीं, जिस वैभव के साथ विनम्रता नहीं, जिस प्रतिष्ठा के साथ सदाचार नहीं और जिस धन के साथ परोपकार नहीं, वह मनुष्य को वास्तविक सुख नहीं दे सकता।
इसलिए धन के पीछे अंधी दौड़ लगाने से पहले हमें स्वयं से एक प्रश्न अवश्य पूछना चाहिएक- हम वास्तव में लक्ष्मी चाहते हैं या केवल अधिकाधिक धन-संपत्ति के माध्यम से अलक्ष्मी को ही आमंत्रित कर रहे हैं?
याद रखिए, धन का भण्डार भर लेना समृद्धि नहीं है। समृद्धि तो वह है, जिसमें मन तृप्त हो, जीवन आनंदमय हो, आचरण पवित्र हो और हमारी उपलब्धियाँ दूसरों के भी काम आएँ।
लक्ष्मी को पाने की आकांक्षा अवश्य रखिए, लेकिन अलक्ष्मी के दास बनना ठीक नहीं। क्योंकि वास्तविक लक्ष्मी तिजोरियों में नहीं, सद्गुणों से समृद्ध जीवन में निवास करती है।
— डॉ. दीपक आचार्य
