स्क्रीन की चमक और धुंधलाती मानवीय संवेदनाएँ
आज हम एक ऐसे दौर में जी रहे हैं जहाँ इंसान की मुट्ठी में पूरी दुनिया सिमट चुकी है। सूचनाओं का महासागर एक क्लिक की दूरी पर है और कृत्रिम बुद्धिमत्ता ने हमारी जीवनशैली को पूरी तरह बदलकर रख दिया है। तकनीक ने असंभव लगने वाले कई कामों को चुटकियों में संभव कर दिया है, लेकिन इस तकनीकी चकाचौंध के बीच एक शांत और गहरा संकट पनप रहा है, वह है मानवीय संवेदनाओं और आपसी जुड़ाव का लगातार धुंधला होना।
यह विडंबना ही है कि आज हम वैश्विक स्तर पर एक-दूसरे से डिजिट्ल रूप से जुड़े हुए हैं, लेकिन भावनात्मक रूप से पहले से कहीं अधिक अकेले हैं। सोशल मीडिया के ‘वर्चुअल नेटवर्क’ ने हमें लाइक्स और कमेंट्स की एक आभासी दुनिया तो दे दी है, किंतु पड़ोस के कमरे में या साथ बैठे व्यक्ति के दिल का हाल जानने की फुर्सत छीन ली है। संवेदनाओं का यह क्षरण केवल व्यक्तिगत रिश्तों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे पूरे सामाजिक ताने-बाने को प्रभावित कर रहा है।
जब हर संवाद स्क्रीन और की-बोर्ड के जरिए होने लगे, तो चेहरे के भाव, आँखों की भाषा और मौन की गहराई खो जाती है। एआई और एल्गोरिदम हमारे हर मूड को समझने और उसके अनुसार सामग्री परोसने का दावा करते हैं, लेकिन मशीनें कभी किसी के आँसू नहीं पोंछ सकतीं, किसी के अकेलेपन का अकेलापन दूर नहीं कर सकतीं। वे संवेदना का अनुकरण तो कर सकती हैं, पर संवेदना की असली ऊष्मा नहीं दे सकतीं।
आज आवश्यकता इस बात की है कि हम तकनीक का उपयोग एक साधन के रूप में करें, न कि उसे अपने जीवन का संचालक बनने दें। डिजिट्ल स्क्रीन से आँखें हटाकर अपनों के साथ वक्त बिताना, किसी के दुख-दर्द में बिना किसी स्टेटस अपडेट के शामिल होना और समाज के प्रति अपनी जवाबदेही को निभाना ही असली मानवीयता है। यदि हमने समय रहते इस संतुलन को नहीं साधा, तो भविष्य में तकनीकी रूप से बेहद उन्नत समाज तो होगा, लेकिन उसमें संवेदनाओं का अकाल होगा। प्रगति की इस दौड़ में हमें यह याद रखना होगा कि इंसान होने की सबसे बड़ी खूबी उसकी संवेदना है, और इसके बिना सब कुछ अधूरा है।
— डॉ. मुश्ताक अहमद ‘सहज’
