बिखरते आँगन के पीछे मुस्कुराते चेहरे
कभी उस घर का आँगन खुशियों से गुलजार रहा करता था। एक ही छत के नीचे तीन भाई अपने परिवारों के साथ बड़े ही प्रेम, सद्भाव और आत्मीयता से जीवन व्यतीत कर रहे थे। तीनों के स्वभाव में भिन्नता अवश्य थी, विचारों में कभी-कभार मतभेद भी हो जाते थे, लेकिन उनके हृदय में एक-दूसरे के प्रति सम्मान और विश्वास की कमी नहीं थी। जीवन की छोटी-बड़ी आवश्यकताओं से लेकर सुख-दुःख की विषम परिस्थितियों तक, वे एक-दूसरे के सहभागी बने रहते थे। किसी एक के घर में कोई उत्सव होता तो उसकी खुशियाँ तीनों घरों में दिखाई देती थीं। किसी के जीवन में कोई कठिनाई आती तो बाकी दोनों भाई उसके साथ खड़े हो जाते थे।
वह केवल तीन भाइयों का परिवार नहीं था, बल्कि आपसी विश्वास, प्रेम, त्याग और पारिवारिक संस्कारों से निर्मित एक सुंदर संसार था। घर का आँगन उनकी एकता का साक्षी था। सुबह की चहल-पहल से लेकर शाम की बैठकी तक, हर समय वहाँ अपनत्व का वातावरण बना रहता था। बच्चे भी एक-दूसरे के साथ खेलते-कूदते बड़े हो रहे थे। उन्हें यह एहसास ही नहीं था कि वे तीन अलग-अलग परिवारों के बच्चे हैं। उनके लिए पूरा घर ही अपना था। एक की थाली में दूसरे का हिस्सा और एक की परेशानी में दूसरे की चिंता सहज रूप से शामिल रहती थी।
माता-पिता ने भी शायद इसी दिन के लिए अपने बच्चों को संस्कारों की पूँजी सौंपी थी कि वे जीवनभर एक-दूसरे का सहारा बनकर रहेंगे। उन्होंने कभी यह नहीं सोचा होगा कि जिस आँगन को उन्होंने अपने त्याग और परिश्रम से सींचा है, उसी आँगन में एक दिन अविश्वास की झाड़ियाँ उग आएँगी। जिस घर को उन्होंने प्रेम की डोर से बाँधा था, उसकी गाँठें एक दिन बाहरी लोगों के शब्दों से कमजोर पड़ने लगेंगी।
लेकिन संसार में हर व्यक्ति एक जैसी दृष्टि नहीं रखता। कुछ लोग दूसरों के सुख में सुखी होते हैं, तो कुछ ऐसे भी होते हैं जिन्हें दूसरों की एकता, समृद्धि और खुशहाली अच्छी नहीं लगती। वे किसी परिवार को हँसते-मुस्कुराते देखकर उसकी खुशियों में सहभागी बनने के बजाय उसके भीतर कमियाँ खोजने लगते हैं। उन्हें दूसरों के बीच प्रेम का वातावरण नहीं, बल्कि अपने लिए हस्तक्षेप का अवसर दिखाई देता है।
धीरे-धीरे कुछ रिश्तेदारों का उस परिवार में आना-जाना बढ़ने लगा। पड़ोसिओं का ताका-झाकी होने लगी। शुरुआत में उनका व्यवहार अत्यंत आत्मीय और सहयोगपूर्ण प्रतीत होता था। वे घर के प्रत्येक सदस्य से घुलने-मिलने लगे। उनकी बातें भी ऐसी होती थीं, मानो उन्हें परिवार की एकता और सुख-समृद्धि की बहुत चिंता हो। लेकिन उनके मन की वास्तविकता उनके शब्दों से कहीं अलग थी। वे सामने से शुभचिंतक बनते और पीठ पीछे संबंधों की जड़ों में संदेह का विष घोलते रहते।
उनकी कुटिलता का तरीका भी बड़ा विचित्र था। वे कभी एक भाई के पास बैठकर दूसरे की कोई छोटी-सी बात बढ़ा-चढ़ाकर बताते, तो कभी दूसरे भाई को पहले के विरुद्ध भड़काने का प्रयास करते। किसी के सामान्य व्यवहार को अहंकार का नाम दिया जाता, किसी की चुप्पी को षड्यंत्र बताया जाता और किसी के स्वाभाविक अधिकार को स्वार्थ का रूप दे दिया जाता। बात चाहे कितनी ही छोटी क्यों न हो, उसे इस तरह प्रस्तुत किया जाता कि सुनने वाले के मन में शंका उत्पन्न हो जाए।
उनका उद्देश्य किसी समस्या का समाधान खोजना नहीं था, बल्कि नई समस्याओं को जन्म देना था। वे एक भाई के सामने दूसरे की कमियाँ गिनाते और फिर उसी दूसरे के सामने पहले की शिकायतों का पुलिंदा खोल देते। कभी पुराने प्रसंगों को कुरेदते, कभी ऐसी बातों का उल्लेख करते जिनका कोई विशेष महत्त्व नहीं था। वे जानते थे कि जब मनुष्य के मन में संदेह का बीज पड़ जाता है, तब विश्वास का विशाल वृक्ष भी धीरे-धीरे सूखने लगता है।
शुरुआत में तीनों भाइयों ने इन बातों को गंभीरता से नहीं लिया। उन्हें अपने आपसी संबंधों पर भरोसा था। वे सोचते थे कि बाहरी लोगों की कुछ बातों से उनके वर्षों पुराने रिश्तों पर क्या प्रभाव पड़ेगा! लेकिन उन्हें यह अंदाजा नहीं था कि लगातार कान भरने, गलत अर्थ निकालने और एक-दूसरे के प्रति संदेह पैदा करने का परिणाम कितना घातक हो सकता है।
धीरे-धीरे बातचीत का लहजा बदलने लगा। पहले जहाँ एक भाई दूसरे की बात को सहजता से समझ लेता था, अब उसी बात में छिपा हुआ कोई दूसरा अर्थ तलाशने लगा। पहले जहाँ छोटी-सी गलती पर हँसकर बात समाप्त हो जाती थी, अब वही गलती मन में गाँठ बनकर रह जाती थी। संवाद कम होने लगा और मन की दूरियाँ बढ़ने लगीं। जिन बातों का समाधान कुछ मिनटों की बातचीत से निकल सकता था, वे कई दिनों तक विवाद का कारण बनी रहने लगीं।
अब घर के वातावरण में पहले जैसी सहजता नहीं रह गई थी। एक ही आँगन में रहने वाले लोग एक-दूसरे से बचकर निकलने लगे। एक दूसरे से कही हुई बातो को भूलने लगे।किसी के आने पर बातचीत का विषय बदल जाता, किसी के सामने मौन छा जाता। बच्चों की चहल-पहल भी उस तनावपूर्ण वातावरण से प्रभावित होने लगी। जिस घर में कभी सबके चेहरे पर मुस्कान रहती थी, वहाँ अब छोटी-छोटी बातों पर नाराजगी और मनमुटाव दिखाई देने लगा।
सबसे अधिक दुखद स्थिति यह थी कि जिन रिश्तों को बनाने में वर्षों लगे थे, उन्हें तोड़ने में कुछ लोगों के चंद शब्द ही पर्याप्त सिद्ध हो रहे थे। एक-दूसरे के लिए त्याग करने वाले भाई अब अपने-अपने पक्ष को सही सिद्ध करने में लग गए थे। उन्हें यह भी याद नहीं रहा कि कभी उन्होंने एक-दूसरे के लिए कितनी कठिनाइयाँ उठाई थीं। पुराने उपकारों की जगह पुरानी शिकायतों ने ले ली। आत्मीयता की जगह अहंकार ने और विश्वास की जगह अविश्वास ने अपना स्थान बना लिया।
आखिरकार वह समय भी आ गया, जब तीनों भाइयों के बीच की दूरी इतनी बढ़ गई कि एक ही छत और एक ही आँगन में रहते हुए भी वे एक-दूसरे से अपरिचित-से प्रतीत होने लगे। परिवार की एकता बिखरने लगी। घर के भीतर अलगाव की रेखाएँ खिंच गईं। जिस आँगन में कभी सबकी खुशियाँ एक साथ खिलती थीं, वहाँ अब अपने-अपने हिस्से की चिंता अधिक महत्त्वपूर्ण हो गई।
और यह सब देखकर वे कुछ पड़ोसी और रिस्तेदार लोग मन ही मन प्रसन्न होने लगे, जिनकी कुटिलता ने इस पूरे घटनाक्रम को जन्म दिया था। उनके चेहरों पर एक अजीब-सी संतुष्टि थी। उन्हें लग रहा था कि उन्होंने अपनी योजना को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। जिस परिवार की एकता कभी उन्हें खटकती थी, आज उसी परिवार को बिखरा देखकर उन्हें अपनी जीत का अनुभव हो रहा था।
वे शायद अपनी इस कथित सफलता पर गर्व भी कर रहे थे। उन्हें लग रहा था कि उन्होंने किसी बड़ी बाजी को जीत लिया है। लेकिन वे यह भूल गए थे कि किसी दूसरे के घर की खुशियाँ छीन लेना कोई उपलब्धि नहीं होती। किसी के बीच प्रेम को समाप्त कर देना बुद्धिमानी नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं का पतन है। दूसरों के रिश्तों को कमजोर करके अपने मन को प्रसन्न करना ऐसी मानसिकता है, जिसमें क्षणिक आनंद तो मिल सकता है, लेकिन आत्मिक संतोष कभी नहीं।
विडंबना देखिए कि जो लोग कभी उस परिवार के शुभचिंतक बनकर आए थे, वही उसके बिखराव के मूक सूत्रधार बन गए। वे अब भी अपने व्यवहार में सहजता का प्रदर्शन करते थे, कहते फीरते है मैं इसमें कुछ नहीं किया हूँ मानो उन्हें इस टूटन से कोई लेना-देना ही न हो। लेकिन मनुष्य के चेहरे पर मुस्कान होने से उसके कर्मों की वास्तविकता नहीं बदल जाती। समय के पास हर व्यवहार का हिसाब सुरक्षित रहता है।
समय बड़ा निष्पक्ष न्यायाधीश है। वह किसी के कहने से अपना निर्णय नहीं बदलता। आज जो व्यक्ति दूसरों के घर में आग लगाकर दूर खड़ा तमाशा देख रहा है, उसे यह भ्रम नहीं पालना चाहिए कि उस आग की लपटें कभी उसके अपने घर तक नहीं पहुँचेंगी। आग का स्वभाव किसी के घर और आँगन में भेद करना नहीं होता। वह जहाँ भी ईंधन पाती है, वहाँ अपना प्रभाव छोड़ जाती है।
जीवन में एक विचित्र विडंबना यह भी है कि जो लोग दूसरों के बीच संदेह पैदा करते हैं, उनके अपने संबंध भी धीरे-धीरे संदेह की चपेट में आने लगते हैं। जो दूसरों की बातों को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत करते हैं, एक दिन उन्हीं की बातों पर लोग विश्वास करना छोड़ देते हैं। जो दूसरों के घरों में फूट डालकर अपना हित साधते हैं, उनके अपने घरों में भी विचारों का टकराव और संबंधों का तनाव जन्म लेने लगता है। क्योंकि छल और कपट की नींव पर स्थायी संबंधों का निर्माण नहीं हो सकता।
दूसरों के आँगन में काँटे बिछाने वाला व्यक्ति यह भूल जाता है कि जीवन की राहें केवल दूसरों के लिए नहीं होतीं। कभी न कभी उसे भी उन्हीं रास्तों से गुजरना पड़ता है, जहाँ उसने दूसरों के लिए कठिनाइयाँ पैदा की थीं। दूसरों की खुशियों को देखकर ईर्ष्या करने वाला यह नहीं समझ पाता कि ईर्ष्या की आग सबसे पहले उसी के मन की शांति को जलाती है। दूसरों को नीचा दिखाने की प्रवृत्ति अंततः मनुष्य को अपने ही चरित्र की ऊँचाई से नीचे गिरा देती है।
कर्म का विधान भी बड़ा अद्भुत है। हर कर्म का परिणाम तत्काल दिखाई दे, यह आवश्यक नहीं; लेकिन इसका अर्थ यह नहीं कि उसका कोई परिणाम नहीं होता। बीज चाहे प्रेम का बोया जाए या वैमनस्य का, समय आने पर उसका फल अवश्य मिलता है। जो व्यक्ति संबंधों में विश्वास का बीज बोता है, वह आत्मीयता और सम्मान प्राप्त करता है; और जो व्यक्ति द्वेष, छल तथा अविश्वास बोता है, उसे अंततः उन्हीं परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है।
कभी-कभी मन में यह प्रश्न भी उठता है कि आखिर उन तीनों भाइयों की भी क्या जिम्मेदारी नहीं थी? क्या उन्हें अपने वर्षों पुराने संबंधों की गरिमा को समझना नहीं चाहिए था? क्या किसी तीसरे की कही हुई बात को स्वीकार करने से पहले एक-दूसरे से सीधे बातचीत नहीं करनी चाहिए थी? निश्चय ही, रिश्तों को तोड़ने वाले जितने जिम्मेदार होते हैं, उतने ही जिम्मेदार कभी-कभी वे लोग भी हो जाते हैं, जो बिना सत्य जाने दूसरों की बातों पर विश्वास कर लेते हैं। यदि परिवार के सदस्य आपसी संवाद बनाए रखें, तो बाहरी व्यक्ति की कुटिलता को पनपने का अवसर ही न मिले।
रिश्तों की सबसे बड़ी कमजोरी यही है कि उनमें विश्वास टूटने में समय कम लगता है, लेकिन उसे पुनः स्थापित करने में वर्षों लग जाते हैं। एक बार मन में संदेह की दीवार खड़ी हो जाए तो प्रेम के पुराने रास्ते भी अनजाने लगने लगते हैं। इसलिए परिवार को बचाने के लिए केवल साथ रहना पर्याप्त नहीं, बल्कि एक-दूसरे को समझना, सुनना और गलतफहमियों को समय रहते दूर करना भी आवश्यक है।
उस पुराने आँगन की स्मृतियाँ आज भी शायद उन तीनों भाइयों के मन में कहीं जीवित होंगी। कभी साथ बिताए हुए दिन, बचपन की शरारतें, माता-पिता के संस्कार और एक-दूसरे के लिए किए गए त्याग उन्हें अवश्य याद आते होंगे। लेकिन समय बीत जाने के बाद कुछ अवसर ऐसे होते हैं, जब मनुष्य केवल स्मृतियों को सँजो सकता है, बीते हुए दिनों को वापस नहीं ला सकता। टूटे हुए विश्वास की पीड़ा भी कुछ ऐसी ही होती है।
काश! वे तीनों भाई समय रहते यह समझ पाते कि बाहरी लोगों की बातों से अधिक मूल्य उनके अपने संबंधों का है। काश! वे एक-दूसरे के विरुद्ध कही गई बातों की सत्यता जानने का प्रयास करते। काश! वे यह समझ पाते कि तीसरा व्यक्ति चाहे कितना ही अपना क्यों न हो, उनके बीच के संबंधों की गहराई को उनसे बेहतर नहीं जान सकता। शायद तब उनका आँगन आज भी उसी तरह आबाद होता और उनके बच्चे भी संयुक्त परिवार के स्नेहिल वातावरण में बड़े हो रहे होते।
और उन पड़ोसी और रिस्तेदारों के लिए भी यह एक मौन संदेश है, जो दूसरों के घरों में फूट डालकर अपनी प्रसन्नता तलाशते हैं। किसी की हँसी छीनकर अपने चेहरे पर मुस्कान लाना मानवता नहीं है। किसी के परिवार को बिखराकर स्वयं को विजयी समझना जीवन की सबसे बड़ी भूलों में से एक है। क्योंकि दूसरों का घर उजाड़ने वाला व्यक्ति यह नहीं जानता कि वह केवल किसी परिवार की एकता को ही नहीं तोड़ रहा, बल्कि अपने चरित्र और मानवीय मूल्यों को भी कमजोर कर रहा है।
दूसरों के घर में दरार डालने से अपना घर मजबूत नहीं होता। किसी के आँगन की खुशियाँ छीन लेने से अपने आँगन में बहार नहीं आती। रिश्तों को तोड़ने की कला भले ही किसी को कुछ समय के लिए प्रसन्न कर दे, लेकिन रिश्तों को जोड़ने का गुण ही मनुष्य को वास्तव में बड़ा बनाता है।
केवल तीन भाइयों के बिखरते परिवार की कथा नहीं है, बल्कि हमारे सामाजिक जीवन का एक ऐसा आईना है, जिसमें रिश्तों की वास्तविकता, स्वार्थ की प्रवृत्ति और मानवीय चरित्र के अनेक रूप दिखाई देते हैं। यह हमें सिखाता है कि परिवार की एकता को बाहरी हस्तक्षेप से बचाना चाहिए, आपसी विश्वास को किसी की बातों के कारण कमजोर नहीं पड़ने देना चाहिए और किसी दूसरे के पारिवारिक जीवन में अनावश्यक हस्तक्षेप करने से बचना चाहिए।
क्योंकि घर केवल ईंट, पत्थर और छत से नहीं बनता; घर बनता है प्रेम से, विश्वास से, त्याग से और एक-दूसरे के प्रति संवेदनशीलता से। इसे बनाने में पीढ़ियाँ लग जाती हैं, लेकिन इसे बिखेरने के लिए कभी-कभी कुछ कुटिल शब्द ही पर्याप्त होते हैं।
जो दूसरों के घर में अँधेरा फैलाकर अपने घर में उजाला खोजते हैं, उन्हें यह समझना चाहिए कि पराए आँगन की रोशनी बुझाने से अपने घर का दीपक कभी अधिक प्रकाशमान नहीं होता। समय का न्याय देर से हो सकता है, लेकिन जीवन में बोए गए कर्मों की प्रतिध्वनि एक दिन लौटकर अवश्य आती है।
— रमेश कुमार सिंह “रुद्र”
