मुक्ति
गुड़िया रेशमा अब सयानी हो गई है। लक्षमी को रात दिन उसकी चिंता रहती है। रेशम सी नाजुक, कली सी खूबसूरत रेशमा। यौवन की दहलीज पर पाँव रखते ही रूप निखर आया है। कामुक ठेकेदार किसी न किसी बहाने उनकी झोंपडी में आ जाता है। कभी रामू, रेशमा के बाबा, जो बिमार है, उनकी तिमारदारी करने लगता है। लक्षुमी सब समझती है। लेकिन पापी पेट के लिए चुप हो जाती है।
रामू की दवा दारू, बच्चों की पढ़ाई…सुनील पढ़ने में तेज है। रेशमा कला कौशल में निपुण। दोनों बच्चे सुनहरे सपनों में खोये रहते हैं।
शिक्षिका की विशेष कृपा हैं दोनों पर।
लक्षुमी को आज ठेकेदार ने रोक लिया था। उसके हाथ में कुछ रूपये थमाकर रेशमा को उनके घर काम करने के लिए भेजने को कहा।
” मेरी धर्मपत्नी की सेवा कर लेगी।”
“छोटे को संभालेगी। उसकी पढ़ाई भी मैं करवा दूँगा।”
“साहब, मैं उससे काम नहीं करवाऊँगी। सेठानी जी की सेवा करने मैं आ जाऊंगी।”
दनदनाता ठेकेदार चला तो गया, पर रेशमा को पाने के लिए उसका मन हिलोरे भर रहा था।
आज रामू की तबियत ज्यादा बिगड़ गई तो लक्षुमी उसे लेकर अस्पताल गई। सरकारी दवाखाना। वहां भी पैसा भरो, दवाई लाओ। कहने को मुफ्त ईलाज।
आते-आते उसे देर हो गई। काम की छुट्टी हो गई। रेशमा और सुनील चुपचाप उसके पास बैठे थे। भूख से बेहाल। छोटी सी जमापूंजी पर कब तक घर चलता।
रेशमा ने अपनी माँ को ढाढस बंधाया। सुनील और रेशमा मंदिर के पास वाले चौराहे पर बैठ फूल मालायें बनाकर बेचने लगे। रेशमा सुंदर हार पिरोती, सुनील झट बेच आता। कलात्मक सुंदर हार हाथों-हाथ बिक जाते।
माँ भी उनके साथ आने लगी। ठेकेदार की पीड़ा से अब मुक्ति मिली थी।
