आत्मकथा का दौर, वास्तविकता मचाए शोर
आत्मकथा लिखों तो, गलतियों का हिसाब लगाओ,
पकड़े जाने का डर हो, वहाँ क्षमा का पैबंद लगाओ।
थोड़ा त्याग-थोड़ा संघर्ष एवं संवेदना मिलाते जाओ,
अपनी हरेक नाकामी, समाज सेवा बतलाते जाओ।
बचपन की “गरीबी” लिखना, चाहे जेब में माल रहा,
साइकिल पंचर का किस्सा, जीवन का सवाल रहा।
फ्लैशबैक में जा लिखना, कैसे मुश्किल दिन गुजारे,
सत्तर-अस्सी के फिल्मी किस्से, क्यों संघर्ष में उतारे।
कॉलेज की यादें रंगीन, किस्सों में थोड़ी मिठास भरो,
इश्क हो या ना हुआ हो, बेवफाई को भी खास करो।
हर गलती का कारण ऐसा, जिसमें दर्शन निकल पड़े,
पाठक पढ़ सोच में पड़े, त्याग के संस्करण आन पड़े।
कुछ पन्नों पर आँसू रख देना, कुछ पन्नों पर मुस्कान,
अपनी तारीफ खुद ही करके, दूसरों से पाए सम्मान।
लेकिन इतना ध्यान रखना, सच कहीं झाँक न जाए,
आत्मकथा बाहर निकले, पुराना राज ना खुल जाए।
कल तक जो मौन रहे थे, वे भी तो अपना पक्ष रखेंगे,
आपके लिखे किस्सों पे, संस्मरण अलग ही लिखेंगे।
आत्मकथा का संकट, लिखनेवाला खुद भगवान बने,
पाठक “वाह-वाह” करता जाए, परिचित परेशान बनें!
— संजय एम तराणेकर
