कविता

छत जो साँस लेती थी

वो सुकून की छत पर बेतरतीब से गमले
वहीँ कहीं किसी कोने में मुस्कुराते खुरपी, फावड़ा और कुदाली
किसी कोने में बतियाते थे घर के बेकार पड़े टूटे फूटे मिट्टी के बर्तन,
उनमें डाल देती थी मां बस यूंही पानी, और डाल देती थी दाने चिड़ियों की खातिर ।
बाहर लगे पीपल से गिरी पीपल की पत्तियाँ छत पर चुरमुर करती थीं,
सूखे फूलों की गंध भी जीवन में रंग भरती थी,
गौरैया के जोड़े का आना–जाना था नित्य,
हर कोना, हर छाया बनती थी पावन पथ।
तुलसी का बिरवा तुलसी-दल झराता,
किसी दिन विवाह, किसी दिन संकल्प सजाता,
संध्या में दिया मन को आलोकित कर छत को मंदिर बनाता।
मेरे घर की छत पर बेतरतीब गमलों की मिटटी में लगे पौधे,
मानो बिन माँगे स्वयं को सहेजना जानते थे
ना कोई गार्डनिंग एप, ना डिजाइनर गमले,
एक लय, शांति, और प्रकृति का पावन स्पर्श था मेरी उस बेढंगी छत में
और अब?
अब छत संगमरमर की मुस्कान ओढ़े बैठी है,
अब फूलों की महक नहीं मिटटी का कोमल स्पर्श नहीं
अब छत पर ब्रांडेड टाइल्स है और मंहगा अर्टिफिशियल वॉटरफॉल भी
वहीं एक कोने में बुद्ध की प्रतिमा भी रखी है
विचित्र सी अजनबी शांति है पर सुकून नहीं
ना कोई हंसिया, ना चिड़िया, ना कुल्हाड़ी,
अब तो छत पर हवा भी वातानुकूलित हो के चढ़ती है।
तुलसी का विवाह ? अब इनबॉक्स में निमंत्रण है,
पीपल का कचरा ? साफ-सुथरे व्यू में प्रतिबंध है,
चिड़ियों की चहचहाहट ? स्पीकर से बजने वाली कोई रिंगटोन है।
टाइल्स की छत पर अब ना कोई पेड़ उगता है,
ना कोई बीज फूटता है और ना कोई मन जुड़ता है,
उत्तम डिज़ाइन में बसा ये निर्जीव वैभव,
जीवन की धड़कन से कोसों दूर चलता है।
आधुनिकता के नाम पर जो छीन ली साँस,
वो छत नहीं, अब कोई भूला-बिसरा इतिहास है ,
जहाँ ना मिट्टी, ना मन, ना बचे हैं पक्षी,
बस एक मौन, सजावटी परछाईं सा फर्श।
मुझे वो बेढंगी मिट्टीवाली छत प्यारी थी,
जहाँ हर टुकड़ा जीवन की पहचान था,
सीमेंट की ये सजी हुई मृत्यु नहीं भाती,
जिसमें कोई वृक्ष नहीं, कोई पूजा, कोई बात नहीं।
छत जो साँस लेती थी, अब साँस रोकती है,
छत जो जीवन रचती थी, अब चित्र होती है,
जिस छत पे चिड़ियों ने रचे थे गीत सबेरे सबेरे
अब वहाँ चुप्पी है, और पौधों के नाम पर है बस सजावटी इनडोर प्लांट्स
और वो छत अब भी उन पंछियों के गीतों का इंतज़ार करती है

— आकांक्षा शर्मा

आकांक्षा शर्मा

व्याख्याता हिंदी जन्मतिथि 18.10.1976 मोबाइल नं- 9460388594, व्याख्याता हिन्दी के पद पर रा.बा.उ.मा.वि., तलवण्डी कोटा में कार्यरत शैक्षिक योग्यता - एम.ए. हिन्दी एवं दर्शनशास्त्र, बी.एड. एम.फिल. हिन्दी ; शोध विषय- विश्वनाथ त्रिपाठी एवं पाण्डेय बेचन उग्र की आत्मकथाओं की तुलनात्मक विवेचना अन्य उपलब्धियाँ 5 सितम्बर 2017 राज्य स्तर पर राज्यपाल द्वारा शिक्षक सम्मान से सम्मानित, आकाशवाणी कोटा में आकस्मिक उद्घोषिका के रूप में कार्यरत बालहंस पत्रिका में रचनाओं का नियमित प्रकाशन एवं बाल सम्पादिका के तौर पर किशोर परिचर्चा का आयोजन