बाल गीत- चंदा मामा
चंदा मामा, चंदा मामा, रात के राजा चंदा मामा,
धरती मां के भाई चंदा, इसीलिए हैं हमारे मामा।
रोज रात को आते हैं, शायद सूर्य से डरते होंगे,
या फिर दिन में हमारी तरह ही, खूब शरारत करते होंगे!
अपनी शीतल रोशनी से, सबका मन बहलाते हैं,
बच्चों के प्यारे मामा हैं, हमें लोरी गाकर सुलाते हैं।
चंद्र-खिलौना मांगा कृष्ण ने, पानी-परात में उन्हें दिखाया,
जैसे मम्मी हमें बहलातीं, यशोदा मां ने उन्हें बहलाया।
नेताओं की तरह हैं मामा, मीठी-मीठी करते बातें,
वादा करते पूए लाने का, कभी न लाते सौगातें!
चांदी जैसी चमक चांदनी, मामा को प्यारी लगती है,
लोरी गाकर हमको सुलाती, मामा के संग जगती है।
तारों की बारात सुहानी, चंदा मामा लाते हैं,
शिव भोले को प्यारे लगते, शीश पर उन्हें सजाते हैं।
“सुबह वाली गाड़ी से चले जाएंगे”, चंदा मामा गाते हैं
सपनों के झूलों में झुलाकर, सुबह होते ही जाते हैं।
— लीला तिवानी
