तिरंगा
भारत की है शान तिरंगा।
‘जनगणमन’ जयगान तिरंगा।
सकल विश्व में भारत माँ का,
बढ़ा रहा है, मान तिरंगा।
दूर – दूर तक सीमाओं पर,
फहरे, सीना तान तिरंगा।
हरा, श्वेत, केसरिया रंग में,
बतलाता, पहचान तिरंगा ।
देश के अंदर – बाहर खतरे,
माँग रहा, बलिदान तिरंगा ।
स्वतंत्रता के घर – आँगन में,
बच्चों की मुस्कान तिरंगा।
‘वंदेमातरम्’ मंत्र जगाएँ,
लाए नवल विहान तिरंगा।
— गौरीशंकर वैश्य विनम्र
