घर की असली रोशनी
घर में एक खास पारिवारिक आयोजन की तैयारियां चल रही थीं। पूरा घर साफ-सुथरा और सजा हुआ था। आंगन में सुंदर रंगोली बनी थी। घर की साज-सज्जा देखकर ऐसा लग रहा था, मानो खुशियों ने इस घर में अपना बसेरा बना लिया हो। परिवार के सभी सदस्य तैयारियों में व्यस्त थे।
तभी पड़ोसी रामू चाचा की आवाज आई, ‘अरे वाह! दूर से ही घर बहुत सुंदर दिखाई दे रहा है!’
सासू मां ने तुरंत कहा, ‘हां, एक बार घर के अंदर आकर तो देखिए!’
रामू चाचा उनके पीछे-पीछे घर के अंदर आ गए। ‘अरे वाह! सचमुच अंदर भी बहुत सुंदर सजावट की है। ऐसा लग रहा है कि इस घर में खुशियां हमेशा बनी रहेंगी।’
वे घर की सजावट देख ही रहे थे कि तभी उनकी नजर बहू राधा पर पड़ी। ‘अरे बहू! क्या बात है? इतनी उदास क्यों हो?’
‘नहीं चाचा, बस कुछ नहीं…’ इतना कहते ही उसकी आंखें नम हो गईं।
रामू चाचा का मन भीतर तक कचोट गया। आखिर वे भी एक बेटी के पिता थे। वे कुछ पल मौन रहकर राधा को देखते रहे। अजीब विडंबना थी! जिस घर को खुशियों से सजाने के लिए सभी लोग इतनी मेहनत कर रहे थे, उसी घर की बहू के चेहरे पर उदासी छाई हुई थी।
रामू चाचा ने गंभीर स्वर में कहा, ‘याद रखिए, जिस घर में बहू को सम्मान, खुशी, आजादी और अपनेपन का अधिकार नहीं मिलता, वहां कभी सच्ची खुशियां नहीं रह सकतीं। बहू भी किसी की बेटी होती है। उसके भी अपने सपने और इच्छाएं होती हैं। मैंने अपनी बेटी के साथ भी यह सब जीकर देखा है।’
रामू चाचा की बातें सुनकर पहली बार सासू मां को एहसास हुआ कि बहू भी किसी की बेटी है। वह भी अपनी इच्छाओं और सपनों को पीछे छोड़कर इस घर को संवार रही है। घर की जिम्मेदारियां निभाते हुए वह अपनी खुशियों को भी भूल गई है। तो क्या हमारा यह फर्ज नहीं बनता कि हम भी उसके चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास करें?
उस दिन सासू मां ने राधा के पास जाकर उसका हाथ थामा और प्यार से अपने पास बैठाया। पहली बार उन्होंने उसकी परेशानियों को समझने और उसकी इच्छाओं को जानने का प्रयास किया। उस दिन सासू मां को एहसास हुआ कि घर को सुंदर बनाने के लिए केवल सजावट ही काफी नहीं, बल्कि घर के हर सदस्य के जीवन में खुशियों का उजाला भरना भी जरूरी है। आखिर घर की असली रोशनी उसकी बहू-बेटियों की मुस्कान में ही तो होती है।
— डोली शाह
