समाचार

अरविन्द कुमार साहू को मिला गंगासिंह बिष्ट बालसाहित्य सम्मान एवं पुरस्कार 2023

हरिद्वार/ रायबरेली – बालसाहित्य संस्थान (अल्मोड़ा) उत्तराखंड द्वारा देश के प्रतिष्ठित बाल साहित्यकारों की पुस्तकों पर दिया जाने वाला  अखिल भारतीय  गंगासिंह बिष्ट बालसाहित्य सम्मान एवं पुरूस्कार 2023 ऊँचाहार (रायबरेली) निवासी प्रख्यात बाल साहित्यकार एवं पत्रकार श्री अरविंद कुमार साहू को प्रदान किया गया l यह सम्मान उनके चर्चित बालकहानी संग्रह- “किस्सा ढपोर शंख का” पर मिला है।
सम्मान समारोह का आयोजन 8,9 एवं 10जून को हरिद्वार के नेता जी सुभाष चंद्र बोस आवासीय छात्रावास लालढाग में आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम में  नेहरू युवा केंद्र, दिल्ली के पूर्व निदेशक  दयानन्द  आर्य, हेमवती नंदन बहुगुणा चिकित्सा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो, हेमचंद पांडे, प्रख्यात साहित्यकार डॉ  राम निवास मानव,  साहित्य अकादमी पुरस्कार विजेता गोविंद शर्मा एवं बाल साहित्य संस्थान अल्मोड़ा  उत्तराखंड के  सचिव  उदय किरोला  के  हाथों  संयुक्त  रूप से  प्रदान किया गया।  इस अवसर पर  देशभर के 12 राज्यों  से  पधारे सौ से अधिक चुनिन्दा शिक्षाविद एवं साहित्यकार उपस्थित रहें।  श्री  साहू को  इस  हेतु शाल, सम्मान पत्र, स्मृति चिन्ह एवं  नगद धनराशि  प्रदान की गई l
इस सम्बंध में लेखक अरविंद कुमार साहू ने बताया कि पुस्तक “किस्सा ढपोर शंख का ” अनेक रोचक और मनोरंजक बालकहानियों का संग्रह है जिसका पुस्तक रूप में प्रथम संस्करण 2017 में प्रकाशित हुआ था और अब भी यह पुस्तक बच्चों के बीच बहुत लोकप्रिय है।
ज्ञातव्य है कि अरविंद कुमार साहू द्वारा रचित आठ उपन्यास,  दस बाल कहानी संग्रह, सहित बाल कविताओं और अन्य विधाओं की चौबीस पुस्तकों सहित अब तक देश विदेश की विभिन्न पत्र पत्रिकाओं में एक हजार से अधिक फुटकर रचनाएं प्रकाशित हो चुकी हैं। उन्हें उत्तरप्रदेश हिन्दी संस्थान सहित देश- विदेश के अनेक प्रतिष्ठित बालसाहित्य सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। अनेक रचनाएं अँग्रेजी सहित कई भारतीय भाषाओं में अनूदित भी हो चुकी हैं।

अरविन्द कुमार साहू

सह-संपादक, जय विजय