कविता

नया पुराना

बीते कल से जो सीख ले,
वही आगे बढ़ पाता है,
बीते कल को समझना ही,
आने वाले कल की शुरुआत है।
नए को सर्वश्रेष्ठ मान लिया,
पुराने को बोझ समझा,
जिसने थामे थे तूफ़ाँ,
वही आज बेक़द्र क्यों है?
युवा को लगता है
वह वृद्ध से ज़्यादा समझदार है,
और बालक को भरोसा है,
वह युवा से कम नहीं है।
नए पत्तों का अंकुरन,
ये क़ुदरत का दस्तूर सही,
पर जिन पत्तों ने छाया दी,
उनका हटना क्यों लाज़िम है?
हर बार प्रण लेते हैं हम,
भूलों को न दोहराएँगे,
फिर वही राहें, वही ठोकर
इंसान का ये मिज़ाज कैसा है?
जो टूट-टूटकर बना गए,
मज़बूत वृक्षों की नींव,
उन बलिदानों का हिसाब
आज भी बक़ाया सा है।
नया ज़रूरी है,
इसमें कोई इनकार नहीं,
पर पुरानों से सीखकर ही
भविष्य मजबूत बनता है।

— मुनीष भाटिया

मुनीष भाटिया

जन्म स्थान : यमुनानगर (हरियाणा) उपलब्धियां: विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित लेख एवं कविताएँ I प्रकाशन: चार कविता संग्रह एवं तीन निबंध संग्रह, तीन quote बुक्स राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर की दस हजार से अधिक पत्र पत्रिकाओं में वर्ष 1989 से निरंतर प्रकाशन I 5376, एरोसिटी, ऍफ़ ब्लाक, मोहाली -पंजाब M-7027120349 munishbhatia122@gmail.com