अलमारी में सजी हुई किताबें घर के बौद्धिक स्तर और संस्कारों को दर्शाती हैं
आज हम उस युग में जी रहे हैं जिसे ‘डिजिटल क्रांति’ का नाम दिया गया है। सूचना का विस्फोट कुछ ऐसा है कि दुनिया की किसी भी जानकारी को प्राप्त करने के लिए अब पुस्तकालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं, बस एक ‘क्लिक’ ही काफ़ी है। मोबाइल ऐप्स, किंडल और ऑनलाइन ने हमारे पढ़ने के नज़रिए को पूरी तरह बदल दिया है। लेकिन इस तकनीकी चकाचौंध के बीच एक गंभीर विमर्श जन्म लेता है,क्या कागज़ पर छपे शब्द अपनी चमक खो रहे हैं?
छपी हुई किताबों का मनोवैज्ञानिक और इंद्रिय अनुभव
किताब केवल कागज़ों का पुलिंदा नहीं होती, वह एक जीवंत अनुभव है। ई-बुक्स हमें जानकारी तो दे सकती हैं, लेकिन वह ‘अहसास’ नहीं दे सकतीं जो एक भौतिक पुस्तक देती है। नई किताब के पन्नों की महक और उसे हाथों में थामने का सुकून पाठक को एक अलग ही दुनिया में ले जाता है।
डिजिटल स्क्रीन पर पढ़ते समय नोटिफिकेशन, ईमेल और विज्ञापनों का शोर होता है, जो हमारी एकाग्रता को भंग करता है। इसके विपरीत, एक भौतिक किताब हमें गहन अध्ययन की ओर ले जाती है, जिससे सोचने की क्षमता विकसित होती है।
डिजिटल युग हमें ‘तुरंत परिणाम का आदी बना रहा है, जबकि किताब का हर पलटता पन्ना हमें धैर्य और गहराई से विषय को समझने का संस्कार देता है।
किताबें हमारी सांस्कृतिक विरासत की संवाहक हैं। एक अलमारी में सजी हुई किताबें उस घर के बौद्धिक स्तर और संस्कारों को दर्शाती हैं।
बुज़ुर्गों द्वारा दी गई किताबें, उन पर लिखे उनके नाम या उनके द्वारा रेखांकित की गई पंक्तियाँ सिर्फ ज्ञान नहीं, बल्कि एक भावनात्मक विरासत होती हैं। डिजिट्ल फ़ाइलों में यह आत्मीयता और ‘स्मृति मूल्य’ नहीं मिल पाता।
लंबे समय तक स्क्रीन पर पढ़ने से ‘डिजिटल आई स्ट्रेन’ जैसी समस्याएं होती हैं, जबकि कागज़ी किताबें स्वास्थ्य के लिहाज़ से अधिक सुरक्षित हैं।
तकनीक को नकारा नहीं जा सकता।
एक छोटा सा टैबलेट हजारों किताबों का भार संभाल सकता है। शोधकर्ताओं और छात्रों के लिए, जो सफ़र में रहते हैं, यह एक वरदान है।
दुर्लभ पुस्तकें जो किसी शहर की लाइब्रेरी में उपलब्ध नहीं हैं, वे इंटरनेट के जरिए दुनिया के किसी भी कोने में पढ़ी जा सकती हैं।
ई-बुक्स के बढ़ते चलन से कागज़ की खपत कम होती है, जो पेड़ों के संरक्षण में सहायक है।
डिजिट्ल फॉर्मेंट और छपी हुई किताबें एक-दूसरे की प्रतिस्पर्धी नहीं, बल्कि पूरक हैं। जहाँ त्वरित जानकारी और शोध के लिए डिजिट्ल माध्यम अनिवार्य है, वहीं वैचारिक स्पष्टता, मानसिक शांति और संवेगात्मक जुड़ाव के लिए छपी हुई किताबों का कोई विकल्प नहीं है।
“माध्यम चाहे कागज़ हो या पिक्सेल, महत्वपूर्ण यह है कि शब्द जीवित रहें और पढ़ने की संस्कृति बची रहे।”
आज की पीढ़ी को चाहिए कि वे तकनीक का लाभ उठाएं, लेकिन अपनी अलमारी में उन किताबों को भी जगह दें जो उन्हें उनके इतिहास, समाज और स्वयं की गहराई से जोड़ती हैं।
— डॉ. मुश्ताक अहमद शाह ‘सहज’
