गीत/नवगीत

सांख्यिकी पर मार्क से सीधा संवाद

मार्क, सच मानो, मैं तुमसे ज़रा भी इत्तेफाक नहीं रखता,
सांख्यिकी ज्ञान, सफेद झूठ के परे, दर्ज हो नहीं सकता॥

जन्म से मृत्यु तक का सफर, प्रायिकता से बंधा है,
हर क्षण मनुष्य किसी-न-किसी पशोपेश में पड़ा है॥
कैसे कहते हो, झूठ को इसने पलट कर पेश किया है,
जबकि इस विज्ञान ने ही सत्य को प्रबलता से गढ़ा है॥
नमूनों के विश्लेषण से, समष्टि का बोध होता है,
आंकड़ों के गहन परीक्षण से ही तो शोध होता है॥
तुम्हारे दृष्टिकोण में, सांख्यिकी ज्ञान निकृष्ट है,
यक़ीन करो, दृश्य निरूपण में यही उत्कृष्ट है॥
मार्क, सच मानो, मैं तुमसे ज़रा भी इत्तेफाक नहीं रखता,
सांख्यिकी ज्ञान, सफेद झूठ के परे, दर्ज हो नहीं सकता॥

क्या गिन सकोगे तुम धरा, नभ और जल के जीव?
छोड़ो, नहीं आसान, ऐसे विज्ञान को करना सजीव॥
भ्रम में न रहो, न हिला सकोगे कभी इसकी नींव,
मजबूत तंत्र इसका, हर विषय तक इसकी तसदीक॥
मानव विकास को विभिन्न पैमानों पर नाप देता है,
आर्थिक और सामाजिक परिवर्तन को दर्शा देता है॥
मूल्यांकन, विश्लेषण, चित्रण, प्रदर्शन कर देता है,
फिर भी तुम मान बैठे, यह सत्य को झुठला देता है॥
मार्क, सच मानो, मैं तुमसे ज़रा भी इत्तेफाक नहीं रखता,
सांख्यिकी ज्ञान, सफेद झूठ के परे, दर्ज हो नहीं सकता॥

अनगिनत ज्ञानी विद्वानों ने इसमें योगदान दिया,
किस-किस का नाम लूं, उन्होंने क्या-क्या किया॥
फिशर ने विचरण-विश्लेषण, महालनोबिस ने दूरी-माप दिया,
यूँ ही गिनाया, वरन् फ़हरिस्त है, जिन्होंने काम किया॥
हां, सुना है मैंने भी कई बार, विषय निपट नीरस है यह,
उत्तर देता हूं, जिन्हें संख्या से प्यार नहीं, वह क्या जाने॥
सुनो, यहाँ दो और दो, चार नहीं, कुछ कम-ज्यादा है,
जो समझ गया, वही इसे सच्चे अर्थों में पहचाने॥
तुम या तो आओ इस धरती पर, पुनः जन्म लेकर,
या फिर प्रतीक्षा करो, जब मिलेंगे तब बात करेंगे॥
जो दूरी इसने तय की है, बिना घबराए, विचलित हुए,
यक़ीनन, तुम्हारे विचार, उससे कुछ-न-कुछ सुधरेंगे॥
मार्क, सच मानो, मैं तुमसे ज़रा भी इत्तेफाक नहीं रखता,
सांख्यिकी ज्ञान, सफेद झूठ के परे, दर्ज हो नहीं सकता॥

— पंकज नैथानी ‘सिद्धा’

पंकज नैथानी

श्री पंकज नैथानी को इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज, आगरा से सांख्यिकी विषय में एम० फिल० की डिग्री प्राप्त है। वे अर्थ एवं सांख्यिकी सेवा के 1992 बैच के अधिकारी हैं। उनका 33 वर्षों का शासकीय अनुभव अत्यन्त व्यापक और विविध है। उन्होंने उत्तराखंड में अर्थ एवं सांख्यिकी निदेशालय एवं आई० टी० डेवलपमेंट एजेंसी प्रारम्भ करने तथा विश्व बैंक द्वारा वित्त पोषित ई-गवर्नेंस परियोजना की पी० एम० यू० और सार्वजनिक-निजी भागीदारी सेल की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वे भारत निर्वाचन आयोग के स्वीप कार्यक्रम हेतु उत्तराखंड के डिप्टी सी० ई० ओ० रह चुके हैं। वे उत्तराखंड सेवा का अधिकार आयोग और उत्तराखंड अधीनस्थ कर्मचारी चयन आयोग के प्रथम सचिव भी रहे। हाल ही में उन्होने लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी, मसूरी के ग्रामीण अध्ययन केंद्र में प्रोफेसर का अपना कार्यकाल पूरा किया, जिसके उपरान्त वे वर्तमान में अपने विभाग में अपर निदेशक के रूप में कार्यरत हैं। वे मूलतः एक शोधकर्ता और शिक्षाविद् हैं, जिनके कई शोध-पत्र राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रकाशित हैं और जिन्होने विभिन्न पुस्तकों का संपादन भी किया है।

Leave a Reply