आत्म-सम्मान, ख़ामोशी और रिश्तों का कड़वा सच
जीवन का सफ़र बहुत लंबा और उतार-चढ़ाव से भरा हुआ है, और इस रास्ते पर चलते हुए हमारा कई तरह के लोगों से पाला पड़ता है। कुछ रिश्ते हमारी रूह में गहराई से उतर जाते हैं, तो कुछ वक्त के साथ केवल एक ऐसा बोझ बन कर रह जाते हैं जिसे ढोना मुमकिन नहीं होता। ऐसे में जब किसी ऐसे व्यक्ति को अपनी ज़िंदगी से हमेशा के लिए दूर करना पड़े जो कभी हमारे दिल के बेहद क़रीब हुआ करता था, तो यह फ़ैसला अत्यंत कठिन और दिल को चीर देने वाला होता है। यह साफ़ है कि मानवीय संबंधों में आत्म-सम्मान और अलगाव की एक अपनी ही सच्चाई होती है।
जब किसी रिश्ते में दरार आ जाए और दूरियां आना पूरी तरह तय हो जाए, तो स्थिति को संभालने का सबसे बेहतर और परिपक्व रास्ता पूर्ण ख़ामोशी को अपनाना होता है। किसी रिश्ते को ख़त्म करने के बाद उस इंसान पर कीचड़ उछालना, समाज में उसे बुरा-भला कहना या उस पर बेवजह इल्जाम लगाना हमारे अपने संस्कारों, शालीनता और बड़प्पन को कम करता है। बेशुमार चाहत और बेइंतिहा मोहब्बत होने के बावजूद अगर कोई आपकी भावनाओं की कद्र नहीं करता, तो यह कड़वी सच्चाई जान लेनी चाहिए कि उस इंसान को न तो आपकी मौजूदगी की कोई परवाह है और न ही आपकी इस बेपनाह मोहब्बत की कोई ज़रूरत है।
इस परिस्थिति में स्वतंत्रता और जाने देने का फ़लसफ़ा सबसे ज़्यादा मायने रखता है, जैसा कि कहा गया है कि ऐसे व्यक्ति को रोकना तो दूर, यह सवाल भी बिल्कुल मत करें कि वह आख़िर क्यों दूर हुआ, बल्कि उसे पूरी तरह से आज़ाद कर दें। जब कोई शख़्स अपनी मर्ज़ी से आपसे दूर जाना चाहे या आपके एहसासों को अहमियत देना छोड़ दे, तो उसे जबरन रोकने की कोशिश करना ख़ुद को मानसिक यातना और प्रताड़ना देने के समान है। उसे उसकी राह पर अकेला छोड़ देना ही बेहतर है, ताकि वह जहां और जिसके साथ भी रहना चाहे, अपनी मर्ज़ी से जी सके।
प्यार में जब कोई इंसान अपना सब कुछ दांव पर लगा देता है और बदले में उसे केवल उपेक्षा, नजर अंदाज़गी और दर्द मिलता है, तो उसका मन अंदर से पूरी तरह टूट जाता है। ऐसे हालात में, उस क़द्र न करने वाले इंसान के लिए सबसे बड़ी और क़रारी सज़ा यही होती है कि आप उसे अपनी जिंदगी से इस तरह बाहर कर दें कि उसे आपका साया भी नसीब न हो । जो व्यक्ति आपकी क़ीमत नहीं समझता, उसे आपकी ग़ैर-मौजूदगी का अहसास कराना ही उसके सुधरने की उम्मीद या उसके उदासीन रवैये का सबसे बड़ा जवाब होता है।
अंततः, यह जीवन बहुत अनमोल है और इसे उन लोगों के पीछे रो-रोकर बर्बाद नहीं किया जाना चाहिए जो हमारी भावनाओं और हमारे वज़ूद की कोई क़द्र नहीं करते। जिस रिश्ते को छोड़ना मजबूरी या वक्त की मांग बन जाए, उसे पूरे सम्मान के साथ विदाई दें, अपनी ख़ामोशी को अपनी सबसे बड़ी ताकत बनाएं और अपने स्वाभिमान व आत्म-सम्मान को हमेशा सर्वोपरि रखें।
— डॉ. मुश्ताक़ अहमद शाह सहज़
