मुक्तक/दोहा

कुछ मुक्तक- 48

कुछ मुक्तक- 48
1.
उम्मीदें
जब मन से बंधती उम्मीदों की डोर,
होंगे सपने सच सारे, कहती है भोर,
ये सपने ही, हमें सफलता दिलाएंगे,
उम्मीदें ही तो हैं जीवंतता का छोर।
लीला तिवानी
2.
रुकावटें
रुकावटें आती है सफलता की राहों में,
यह कौन नहीं जानता है,
फिर भी वह मंजिल पा ही लेता है
जो हार नहीं मानता है।
लीला तिवानी
3.
सोपान
सफलता का सोपान है निरंतर चलते जाना,
निश्चित लक्ष्य लेकर आगे बढ़ते जाना,
मंजिल मिलने से पहले रुकना नहीं,
असफलता के आगे कभी झुकना नहीं।
लीला तिवानी
4.
सीढ़ियां
बड़े काम की सीढ़ियां ऊपर ले जाती हैं,
वही सीढ़ियां नीचे भी ले आती हैं,
संभलकर चढ़ना इन सीढ़ियों पर,
जरा संतुलन बिगड़ा तो गिरा भी जाती हैं।
लीला तिवानी
5.
त्रासदी
बंटवारा झेला नहीं जिन्होंने वे हैं,
बंटवारे की त्रासदी के दर्द से नितांत छूछे,
भुक्तभोगियों का क्या हाल होता है,
बंटवारे की त्रासदी झेलने वालों से ही पूछे!
लीला तिवानी
6.
नकाब
कभी चेहरा ही बन जाते हैं बदलते मुखौटे,
मन-दर्पण को अक्सर धुंधलाते मुखौटे,
कोई घूंघट, कोई मुखौटा, कोई नकाब में है,
सच कहें तो यहां कांटा हर इक गुलाब में है।
लीला तिवानी
7.
ऐतबार
सम्मान-से-सम्मान होता है ऐतबार से ऐतबार,
ऐतबार से जिंदगी हो सकती है बेहद खुशगवार,
ऐतबार तोड़ने वाला खुद भी बेज़ार होता है,
ऐतबार कर इसरार करने वाला होता बाग़-ओ-बहार।
लीला तिवानी
8.
मन के पंछी
मन के पंछी प्रेम गगन में पंख फैलाए उड़ते हैं,
उम्मीदों के दीपों से मन दो दिलों के जुड़ते हैं,
सपनों की शीतल छांव तले, दोनों का प्यार पले,
सपने सजाते हैं, नव गीत गाते हैं, पीछे न मुड़ते हैं।
लीला तिवानी
9.
छाता
जीवन की आपाधापी की धूप में,
थककर हार गए थे जब हम,
उसने ही छाता बनकर,
मेरे जीवन की डोर संभाली थी।
लीला तिवानी
10.
निवेश
पर्यटन मनोरंजन का साधन तो है ही,
हरित निवेश का साधन भी है,
पर्यटन लोगों के द्वारा, लोगों के लिए
बनाया गया प्रमुख उद्योग भी है।
स्वरचित और मौलिक
लीला तिवानी
सम्प्रति ऑस्ट्रेलिया

*लीला तिवानी

लेखक/रचनाकार: लीला तिवानी। शिक्षा हिंदी में एम.ए., एम.एड.। कई वर्षों से हिंदी अध्यापन के पश्चात रिटायर्ड। दिल्ली राज्य स्तर पर तथा राष्ट्रीय स्तर पर दो शोधपत्र पुरस्कृत। हिंदी-सिंधी भाषा में पुस्तकें प्रकाशित। अनेक पत्र-पत्रिकाओं में नियमित रूप से रचनाएं प्रकाशित होती रहती हैं। लीला तिवानी 57, बैंक अपार्टमेंट्स, प्लॉट नं. 22, सैक्टर- 4 द्वारका, नई दिल्ली पिन कोड- 110078 मोबाइल- +91 98681 25244