कविता

कलम के सिपाही और मौन गवाह

ज्ञानचंदों कभी सत्ता से भी सवाल कीजिए,
सिर्फ अपनों पर नहीं,हाकिमों पर भी मलाल कीजिए,
चौक-चौराहों से लेकर बड़े सदन तक बवाल कीजिए,
जो सोई है बेफिक्र,उस हुकूमत को बेहाल कीजिए,
किस सोच के तजुर्बे बैठे हो तुम तिजोरी में लेकर,
जब आवाम सड़कों पर तड़पती है अपना हक खोकर,
कलम के सिपाही कहते हो खुद को बड़े फख्र से,
फिर क्यों डरते हो सच लिखने में सत्ता के खौफ से?
अगर यूँ ही खामोश रहकर सिर्फ पन्ने काले करोगे,
तो बताओ कैसे इस ढहते सामाजिक वजूद को बचाओगे?
उठो कि अब आईना दिखाना ही तुम्हारी नियति है,
मौन रहे अगर आज,तो आने वाली नस्लों की दुर्गति है,
ड्राइंग रूम की बहसों से अब बाहर पैर पसारिए,
मजलूमों के हक में भी कोई नारा बुलंद पुकारिए,
पुरस्कारों की खातिर जो रीढ़ झुकाए बैठे हो,
सच्चाई की इस जंग में तुम क्यों हथियार डाले बैठे हो?
जब सियासत धर्म और जात के नाम पर बांटती हो,
जब रोटी की खातिर कोई भूखा रात काटती हो,
तब तुम्हारी ये लफ्फाजी,ये चालाकी किस काम की?
पहचान खो चुके हो तुम, बस बची है उपाधि नाम की,
अपनी स्याही में अब थोड़ा सा तेजाब घोलिए,
दरबारी राग छोड़कर,जरा जनता की जुबां बोलिए।
लिखो कि तख्त डगमगाए,लिखो कि ताज कांप उठे,
जब उठे कलम तुम्हारी,तो पूरा अमला भांप उठे।

— राजेन्द्र लाहिरी

राजेन्द्र लाहिरी

पामगढ़, जिला जांजगीर चाम्पा, छ. ग.495554