तैंतीस साल और नारों की गूँज
33 वर्षों की लंबी यात्रा, फिर वही सवाल, वही लाचारी,
जंतर-मंतर की धरती पूछे, कब पूरी होगी आस हमारी?
कभी यहाँ नारों की गूँज थी, कभी इंकलाब का स्वर था,
अन्यायों से लड़ने वालों के हाथों में उम्मीदों का घर था।
समय बदला, सरकारें बदलीं, बदलते सत्ता के गलियारे,
लेकिन जनता के प्रश्न आज भी खड़े हुए हैं लिए सहारे।
ये केवल धरना-स्थल नहीं, यह जन-जन की आवाज़ है,
लोकतंत्र की असली ताकत तो, जनता का ‘विश्वास’ है।
जब न्याय कहीं रुक जाता है, सुनवाई भी थम जाती है,
तब ‘सड़कों’ पर उतरती जनता ‘अपनी बात’ बताती है।
लेकिन इतना याद रहे सभी को, आंदोलन का मान रहे,
संवादों से हल निकले हरदम, संविधान का सम्मान रहे।
तैंतीस साल का अर्थ यही है, सवाल अभी-भी ज़िंदा हैं,
जनता के अधिकारों के सपने आज भी कितने शेष हैं।
जंतर-मंतर की मिट्टी कहती, ना समझो आवाज़ पुरानी,
जब तक न्याय नहीं मिलता, जारी रहेगी संघर्ष कहानी।
— संजय एम तराणेकर
