पुरुष का पर्व
माथे पर जिम्मेदारियाँ, आँखों में अरमान।
हँसकर सब कुछ सह रहा, पुरुष रखे सम्मान॥
पत्थर जैसा दिख रहा, भीतर कोमल भाव।
पुरुष हृदय में पल रहे, अनकहे रोज घाव॥
घर की खातिर रात-दिन, करता श्रम निष्काम।
अपने सपनों को भुला, देता सबको नाम॥
आँसू उसके भी बहें, दुख उसका भी खास।
पुरुष हृदय को चाहिए, अपनापन विश्वास॥
केवल धन से मत करो, पुरुषों का सम्मान।
उसके श्रम और त्याग का, समझो सही विधान॥
विपदा में जो डट रहे, रखकर मन में धीर।
पुरुष वही जो बाँटता, औरों की भी पीर॥
पिता बने तो छाँव दे, बेटा बनकर मान।
पति बनकर सम्मान दे, यही पुरुष की शान॥
अपनी पीड़ा को छिपा, पूछे सबका हाल।
ऐसे कितने पुरुष हैं, जिनका जीवन ढाल॥
मेहनत से इतिहास लिख, मत कर झूठा गर्व।
कर्मों से पहचान बन, यही पुरुष का पर्व॥
— डॉ. प्रियंका ‘सौरभ’
