अति सर्वत्र वर्जयते
डीयर ब्रो “मोहित”
आई एम सो हैप्पी टू डे
सच कह रहा हूँ ब्रो, मैं शायद उतना ही ज्यादा खुश हूँ जितना कि मैं अपने प्लेसमेंट के बाद खुश था। तुम्हें विश्वास नहीं हो रहा है न! मुझे पता है क्योंकि मैं तो अकड़ू, घमन्डी तुम्हें हमेशा डिमोटिवेट करता रहता हूँ न …. फिर क्यों विश्वास करोगे तुम मुझपर और कैसे समझ सकोगे मेरी फीलिंग्स को । मैं हमेशा तुम्हें ताना मारते रहता था कि तुम कुछ नहीं कर पाओगे और तुम तिलमिला जाते थे। कभी-कभी तो गुस्से से तुम मुझसे लड़ने पर भी उतारू हो जाते थे फिर मैं तुम्हें कूल करने की कोशिश करता और तुम्हें लेकर तुम्हारे मन पसंद रेस्टोरेंट में चला जाता था। यह सब तो तुम्हें याद होगा न! पता है तुम्हें चिढ़ाने में , तुम्हें मनाने में मुझे बहुत मजा आता था लेकिन जब तुम गुस्से से आँखों में आँसू भर लेते थे न तो मुझे बहुत गिल्टी फीलींग होती थी ।
तुम मम्मी के लाडले हो। ऐसी बात नहीं है कि मैं लाडला नहीं हूँ लेकिन मेरी सफलता के बाद मम्मी – पापा काफी खुश और संतुष्ट हो गये हैं इसलिये उन्हें लगता है कि तुम भी अपने जीवन में सफल हो ही जाओगे और अगर नहीं भी हुए तो तुम्हें किसी भी चीज की कमी तो होगी नहीं क्योंकि हमारे परिवार में प्रेम, त्याग, एकता का का संस्कार तो विरासत में ही मिला हुआ है।
हमारे दादा जी स्व राम नारायण जी और छोटे दादा जी बसुदेव जी के बाद पापा “वीर बहादुर ” तथा चाचा “राम बहादुर” जी को और उनके बाद हमें । इस मामले में तो मैं खुद को लकी समझता हूं कि मैं इस संस्कारी परिवार का हिस्सा हूँ और हममें भी अपना पुस्तैनी संस्कार कूट – कूट कर भरा हुआ है।
वैसे भी मेरा इतना ज्यादा एनवल इन्कम है कि मैं भी जिस तरह से पापा दादा-दादी के साथ – साथ चाचा – चाची व उनके बच्चों की जिम्मेदारी उठा लिये हैं उस तरह से मैं भी उठा सकता हूँ लेकिन भाई इस बारे में मैंने बहुत सोचा-समझा और मुझे लगा कि मेरा भाई इंडिपेंडेंट रहे। इस बात का मतलब तुम यह बिल्कुल भी नहीं लगाना कि मैं तुम्हारे लिए कुछ करना नहीं चाहता हूँ या फिर सेल्फिश या कंजूस हूँ। भाई मैं बस इतना चाहता हूँ कि जिस तरह से पापा पर चाचा डिपेंडेंट हैं वैसे तुम मत रहो कि फ्यूचर में हम दोनों ही अपनी-अपनी किस्मत को कोसें।
तुम तो छोटे हो इसलिए मम्मी पापा तुमसे घरेलू बातें साझा नहीं करते हैं। वैसे तो वे मुझसे भी नहीं करते थे लेकिन इधर कुछ वर्षों से पापा बहुत उखड़े – उखड़े रहते थे तो मैंने पापा से इस बारे में बात की। पहले तो पापा ने बातों को टालना चाहा लेकिन बाद में उन्होंने एकांत पाकर मुझसे एक कथावाचक की तरह अपना जीवन वृतांत सुनाया –
बेटा तुम घर के बड़े हो इसलिये मैं समझता हूँ कि मुझे तुमसे अपनी बात साझा करनी चाहिए। वैसे भी कहा जाता है कि जब बाप का जूता बेटे के पैर में आने लगे तो बाप को बेटे के सामने दोस्ती का हाथ बढ़ाना चाहिए। बड़े बच्चों पर बहुत बड़ी जिम्मेदारी होती है और उन बच्चों पर और भी अधिक जिसका बाप गरीब हो।
मैंने बचपन से ही अपने माँ – बाप को गरीबी से जूझते हुए देखा है। एक खेती से आठ – आठ बच्चों को पालना बहुत मुश्किल था तुम्हारे दादा जी के लिये। वैसे भी बड़ा परिवार, समाज के लिए एक अभिशाप ही होता है। हम भाई – बहनें अपने माँ – बाप से अधिक समाज के लिए बोझ बन गये थे। अरे समाज की छोड़ो तुम्हारे दादा जी से उनके भाई भी अलग हो गये थे कि भैया के आठ – आठ बच्चे हैं हमारी तो सारी कमाई इन्हीं लोगों पर खर्च हो जायेगी। उस समय तुम्हारे दादा जी दुख के मारे बीमार पड़ गये थे। वो तो तुम्हारी दादी राम दुलारी जी ने उन्हें हिम्मत बंधाया और अपने सारे सोने के जेवर और अपनी जमा-पूंजी लाकर दे दी थी तो घर का काम चला । तुम्हारे दादा जी ने उन जेवरों को बेचकर उन पैसों से एक दर्जन गायें खरीदी और कुछ रूपये रख दिये ताकि हमारी पढ़ाई पूरी हो सके।
मैंने खुद से तभी प्रतिज्ञा कर ली थी कि मैं अपने परिवार की गरीबी दूर करूंगा। अपनी प्रतिज्ञा को पूरी करने के लिए मैंने दिन – रात मेहनत की और अपनी पढ़ाई पूरी की। वैसे तो मैंने कई सिविल सर्विसेज की भी परीक्षा पास कर ली थी पर मैंने समुद्री सेना में ही सेवा देने का निर्णय लिया क्योंकि तनख्वाह भी अधिक मिलता है और छुट्टियाँ भी। मैंने नौकरी ज्वाइन करते ही सोच लिया था कि नौकरी के साथ – साथ व्यवसाय भी करूंगा सो मैंने किया भी। मेरी मेहनत रंग लाई और और मुझपर माता लक्ष्मी की कृपा बरसने लगी तो सबसे पहले मैंने पिता जी द्वारा हम भाई – बहनों की पढ़ाई लिखाई के लिए गिरवी रखे गए खेत को छुड़वाया उसके बाद घर में सभी जरूरत का सामान खरीदा। सच बेटा उस दिन जब मैंने अपने माता-पिता की आँखों में अपने लिए स्नेह, सुकून व सम्मान देखा तो मुझे जितना सुकून और खुशी मिली वह मेरे किये गये कार्यों की तुलना में कई गुना अधिक था। मुझे विश्वास हो गया था कि अब मैं अपने परिवार की गरीबी दूर कर सकता हूँ।
वैसे बेटा अकेला चना भाड़ नहीं फोड़ सकता है यह कहावत भी बिल्कुल सही है। हमारे परिवार की तरक्की में तुम्हारे चाचा ( राम बहादुर) की भी अहम् भूमिका रही है । उन्होंने नौकरी भले ही न की हो लेकिन पारिवारिक जिम्मेदारियाँ उन्होंने बहुत ही अच्छी तरह से निभाई। बल्कि उनकी वजह से ही मैंने अपनी नौकरी और व्यवसाय पर अपना सौ प्रतिशत समय दे पाया इस बात का एहसास मुझे हमेशा ही रहा इसीलिए भी मैंने अपनी जरूरतों और शौक से अधिक उनकी जरूरतों और शौक को वरीयता दी और खुद की गाड़ी खरीदने के लिए बचाये पैसों से राम बहादुर के लिए जीप और रायफल खरीदा। वो जैसे तुमने अपने भाई को मोबाइल और बाइक गिफ्ट किया था न वैसे ही । हम भाइयों के प्रेम को देख कर गांव के सभी लोगों ने हमें राम लक्ष्मण की जोड़ी की संज्ञा दे दी।
वैसे परिवार को स्मूथली चलाने में तुम्हारी मम्मी अदिति ने भी अपनी भूमिका अच्छी निभाई। शायद तुम्हारे दादा जी ने उनकी सुन्दर सूरत के साथ-साथ सुन्दर सीरत को भी परख लिया था सो उन्हें अपनी बड़ी बहु बनाकर अपने घर ले आये । अदिति अपने अच्छे व्यवहार से मेरे साथ – साथ घर के सभी सदस्यों के दिलों पर राज करने लगीं। वैसे मैंने भी अपनी समझ और सामर्थ्य के अनुसार उन्हें स्नेह व सम्मान भरपूर दिया जिसकी वो हकदार थीं और वे भी अपनी व्यवहार कुशलता की बदौलत मेरा विश्वास जीतने में कामयाब रहीं।
मैं उन्हें घरेलू सारी जिम्मेदारियां देकर निश्चिंत होकर अपने काम में समय देने लगा। बात चाहे बहनों की शादी हो या फिर ज्वाइंट प्रापर्टी खरीदने की मैं सिर्फ रूपये देने से मतलब रखता था बाकी सभी निर्णय अदिति और राम बहादुर ही आपस में मिल बैठकर किया करते थे। तुम्हारे दादा जी ने खुशी के मारे तब कहा भी – ” हमारे घर में राम – लक्ष्मण के बीच में सीता की ही कमी थी उसे भी भगवान ने पूरी कर दी यह मेरे पूर्व जन्म के किसी पूण्य का ही फल है । तुम्हारी दादी ने तब तुम्हारे दादा जी से कहा भी -” नई – नई बहुरीया है, इतना भी सिर पर न चढ़ाइये कि…….
तब तुम्हारे दादा जी के मुंख से इतनी जोरों की हँसी फूटी थी जैसे लग रहा था कि किसी ने जबरदस्त जोक सुना दिया हो। उन्होंने तुम्हारी दादी को बीच में ही टोकते हुए चुटकी ली -” क्यों मालकिन जी, सत्ता छिन जाने का डर है क्या आपको?” तब माँ का चेहरा गुस्से से लाल – पीला हो गया था लेकिन उन्होंने बहुत कुशलता के साथ स्वयं को संयत किया था। बात तो सही भी थी माँ अपनी अपनी सुन्दर व सुघड़ बहु पाकर खुश तो बहुत थी लेकिन कहीं न कहीं उनके मन – मस्तिष्क पर असुरक्षा की भावना ने घर कर लिया था इसीलिए वह अदिति पर हमेशा नज़र रखतीं। यहाँ तक कि मेरे साथ भी जब अदिति को मुंबई जाना हुआ तो साथ-साथ वह खुद और तुम्हारी बुआ रुक्मणी को भी लेती आईं थीं। वैसे मेरी माँ समझदार तो बहुत थीं इसलिए उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में बहु अकेली कैसे रह पायेगी इसलिए उन्होंने हमेशा की तुम्हारी किसी न किसी बुआ को हमारे साथ ही छोड़े रखा।इस बात से अदिति खुश थीं या नहीं मुझे नहीं पता लेकिन एक बात की तो दाद देनी ही पड़ेगी कि कभी उनकी परिवार के किसी सदस्य से अनबन नहीं हुई अब खासियत तुम्हारी अदिति में थी या फिर मेरी माँ में यह मैं सही-सही नहीं बता सकता। हाँ इतना जरूर था कि इतनी जिम्मेदारियों के बावजूद भी मैं बहुत सुकून से रहता था ।
वो कहा जाता है न कि जहाँ सुमति वहाँ सम्पति नाना, जहाँ कुमति तहाँ भीख निदाना। यह कहावत हमारी जिंदगी में सत्य साबित हुई क्योंकि मैंने जरूर धन अर्जित किया लेकिन धन को सही जगह पर खर्च कर सार्थक कार्य करने का प्रयास अपने सामर्थ्य व समझ के हिसाब से परिवार के सभी सदस्यों ने किया ऐसे में बरक्कत तो होना ही था। परिणामस्वरूप गाँव में मेरा सबसे सुन्दर मकान बन गया।
एक – एक कर मेरी बहनों की भी शादी अच्छी होने लगी । तुम्हारे राम बहादुर का भी अच्छा रिश्ता आने लगा लेकिन वे हर लड़की में कुछ न कुछ खोट निकालकर शादी से मना कर देते थे । अन्ततः एक रिश्तेदारी में ही लड़की पसंद आई लेकिन समस्या यह थी कि वे लोग दहेज के नाम पर फूटी कौड़ी भी नहीं देने वाले थे। मुझे तो कोई आपत्ति नहीं थी क्योंकि मैंने तो सोच लिया था कि जैसे सभी बहनों के विवाह में मैने खर्च किया है वैसे ही भाई के विवाह में भी खर्च करूंगा लेकिन तुम्हारे दादा जी का इज्जत जा रहा था क्योंकि उस जमाने में किसी लड़के के हैसियत का अंदाजा उसके दहेज से लगाया जाता था या यूँ कहें कि जिसकी जितनी हैसियत होती थी उसको उतना दहेज मिलता था। मेरे विवाह में तुम्हारे दादा जी को गांव में सभी लडकों से अधिक दहेज और सबसे सुन्दर बहु मिल गई थी जिस वजह से वह सीना तानकर और मूँछ ऐंठ कर चलते थे तो भला उन्हें यह गवारा कैसे होता कि उनके बेटे का बिना दहेज की शादी हो। उस समय यह समझा जाता था कि लड़के में कोई कमी है तभी दहेज नहीं मिला है।
वैसे दहेज की जगह लड़के का मोलभाव कहा जाये तो ज्यादा सटीक रहेगा। क्योंकि तब गाँवों में लोग अपनी बेटी के लिए जब दूल्हा ढूढने जाते थे तो अपने साथ चार पाँच आदमी लेकर जाते थे। फिर लड़के वालों के पक्ष से भी चार – पाँच नामी – गिरामी लोग रहते थे। इधर से लड़के की खूबियां ठीक वैसे ही गिनाई जाती थी जैसे दुकानदार अपने दुकान की वस्तुओं की खूबियां अपने ग्राहकों को गिनाता है और लड़की वालों की टोली ठीक ग्राहकों की तरह मोल भाव करने में लग जाती थी ।
खैर मेरी बात बाबू जी ( पिता जी) को माननी ही पड़ी क्योंकि मैंने राम बहादुर की शादी में खर्च की सारी जिम्मेदारी ले ली थी। पिता जी ने कहा भी – ” बेटी की शादी में तो तुम खर्च करते ही हो अब बेटे की शादी में भी तुम ही खर्च करोगे?”
तब मैंने बाबू जी से कहा था – ” सही है न बाबू जी। आप एक बात बताइये, आप अपने बेटा का छठी किये थे न? “
बाबू जी ने अपना मूछ ऐंठते हुए कहा – “हाँ बहुते धूमधाम से किये थे। “
मैंने पूछा -” तो बाबू जी छठिहार में किससे पैसा मांगकर खर्च किये थे? “
मेरा प्रश्न सुनकर बाबू जी भड़क गये और अपनी मूंछ पर ताव देते हुए बोले -” मांगेंगे काहे किसी से, सब खर्चा हम अपनी मेहनत की कमाई से किये थे।”
मैंने कहा – “बस बाबू जी मैं आपके मुंह से यही सुनना चाहता था। अब कहना यह चाहता हूँ कि जब आप छठी अपनी कमाई से किये तो शादी दूसरे से मांगकर क्यों करेंगे।”
खैर काफी मेहनत के बाद बाबू जी को शांत कर दिया था मैंने।
मेरी पूरी कोशिश रही कि तुम्हारे चाचा के विवाह में किसी भी तरह की कमी न रहे। कमी रही भी नहीं लेकिन बाबू जी के विरोध के बावजूद विवाह हो रहा था तो वे किसी न किसी बात पर नाराज हो ही जाते थे और उनकी नाराजगी की आग में घी डालने का काम करते थे कुछ रिश्तेदार और गाँव वाले। लेकिन मैं और अदिति अपनी समझदारी के पानी से उस आग को ठंडा करते रहे जिस वजह से राम बहादुर का विवाह निर्विघ्न रूप से सम्पन्न हुआ। अब तुम्हारी चाची सीमा भी हमारे परिवार का अंग हो गईं। मैंने हमेशा कोशिश की कि तुम्हारी सीमा को किसी भी तरह की कमी न हो। इस विषय में मैने अदिति को भी सख्त हिदायत दे दी थी कि हमारा परिवार संयुक्त है और मैं इस परिवार का बड़ा बेटा तथा आप बड़ी बहु हैं इसलिए हमारी जिम्मेदारी भी बहुत बड़ी है अतः हम ऐसा कोई भी काम न करें जिससे हमारे परिवार की कोई भी कड़ी टूटे। “
तब अदिति ने मेरा हाथ पकड़ कर अपनी आँखों की भाषा से मुझे विश्वास दिलाया था कि आपकी आज्ञा मेरे सर आँखों पर।
औरत औरत की दुश्मन होती है यह कहावत मैंने भी सुन रखी थी इसलिए मैंने अदिति के हाथ में परिवार रूपी घोड़े की बागडोर तो थमा दी थी लेकिन अपनी निगरानी भी रखता था। लेकिन अदिति इतनी कुशल घुड़सवार निकलीं कि उन्होंने मुझे शिकायत का एक भी मौका ही नहीं दिया। तीज त्योहार हो या फिर कोई भी पारिवारिक आयोजन, किस सदस्य को कब क्या चाहिये यह बखूबी समझतीं समझती थीं वे इसलिए बिना बजट की परवाह किए वह जमकर खरीदारी करतीं थीं और परिवार मेरी कमजोरी थी ही इसलिये मैं उनकी कुछ फिजूलखर्चियों को भी नजरअंदाज कर देता था भले मुझे कर्ज ही क्यों न उठाना पड़े। अदिति तो अपनी तारीफ़ के नशे में इतनी चूर हो जातीं कि उन्हें बजट देखने का होश ही नहीं रहता। अदिति का क्या कहूँ? मैं स्वयं भी तो इसी नशे में चूर था। सोचता था पैसों के क्या वो तो फिर आ जायेंगे पर मेरे परिवार की खुशियाँ….. इन्हें तो मैं किसी भी कीमत पर अपने घर से जाने नहीं देना चाहता था। तभी अदिति की खरीदारी के बावजूद भी मैं परिवार के सभी सदस्यों को लिफाफे में रूपये भी थमा देता था। वैसे उपहार के बाद रूपये देने वाली परम्परा तो सदियों से चली आ रही है, यहाँ तक कि देवी-देवताओं को भी चढ़ावा के बाद दक्षिणा दी जाती रही है। इस बारे में मैंने जब अपने खानदानी पुरोहित से पूछा तो उन्होनें कहा कि चढ़ावा के बाद दक्षिणा इसलिए दी जाती है कि यदि कुछ भी कमी रह गई हो उसकी भरपाई रुपयों से की जा सके।
कहीं न कहीं पंडित जी के द्वारा कही गई इस बात से मैं प्रभावित भी हुआ था।
सीमा भी धीरे-धीरे परिवार में घुल – मिल गईं। वैसे राम बहादुर अपनी बात मनवाने में पारंगत हैं यह बात मैं भलीभाँति जानता था क्योंकि जब वे अदिति को अपनी लच्छेदार बातों के मंत्र से मुग्ध करके अपनी चला लेते थे तो मुझे विश्वास हो गया था कि बंदा पत्नी वशीकरण मंत्र भी सीख ही गया होगा। खैर उसका मंत्र अपनी पत्नी पर भी चला और तुम्हारी सीमा भी अदिति के नक्शेकदम पर चलने लगीं।
फिर भी घर में बड़ी बहु होने के नाते या फिर कमाऊ पति की पत्नी होने की वजह से या फिर अपने अपने व्यवहार कुशलता से जो स्थान तुम्हारी अदिति ने घर परिवार में बना लिया था वह स्थान लाख कोशिशों के बावजूद भी सीमा नहीं बना पाईं। बल्कि तुम्हारे दादा-दादी, बुआ के साथ – साथ राम बहादुर भी अदिति की तारीफ़ में कसीदे पढ़ते हुए तुम्हारी सीमा को कमतर आँक दिया करते थे। अब कोई भी स्त्री अपने ही पति से किसी और स्त्री की प्रशंसा कैसे सुन सकती है?जाने – अनजाने परिवार के सभी सदस्यों के साथ – साथ राम बहादुर ने भी सीमा के हृदय में ईर्ष्या का बीज बो दिया जो कि धीरे-धीरे पनपने लगा।
एक दिन तो सीमा ने रामबहादुर को सुना भी दिया – ” मैं दिन-रात खटती रहती हूँ तो किसी को दिखाई नहीं देता है और और आपकी भाभी…….. अरे मैं भी कहाँ उनसे अपनी तुलना करने लगी। अरे वो तो कमाऊ पति की पत्नी हैं न, आप निकम्मे हैं तो आपकी कमी मुझे झेलनी पड़ती है।”
मैं निकम्मा???? क्या कह रही हो तुम…. मेरा काम तुम्हें दिखाई नहीं देता है?”
” मुझे सबकुछ दिखाई देता है। बस अंधे आप हैं अपने भाई के प्रेम में। आप कितना भी काम कर लें लेकिन जबतक चार पैसे कमाकर नहीं लाइये तो किसी को भी दिखाई नहीं देगा।”
सीमा ने उस समय गुस्से में आकर जो कड़वी सच्चाई बयां कर दी उसे सुनकर रामबहादुर तो आहत हुए ही साथ में अदिति और स्वयं मैं भी बहुत आहत हुआ। तब मुझे एहसास हुआ कि राम, लक्ष्मण, सीता बनना तो आसान है लेकिन उर्मिला बनना बहुत मुश्किल। आखिर हो भी क्यों नहीं, राम- सीता, लक्ष्मण, भरत सभी ने तो अपना नाम कमा लिया लेकिन बेचारी उर्मिला चौदह वर्ष की कठिन तपस्या के बावज़ूद भी वह स्थान नहीं प्राप्त कर पाईं जो कि सीता को मिला । शायद पहले भी अभिव्यक्ति की इतनी आजादी मिली होती तो उर्मिला भी कुछ न कुछ तो कहती ही।
हम तुम्हारी सीमा बातों से आहत इसलिये भी हुए क्योंकि मैंने भरसक कोशिश की कि परिवार के किसी भी सदस्य को किसी भी चीज की कमी न हो।
मैंने पैसों का जुगाड़ करने के लिए क्या-क्या नहीं पापड़ बेले। सच तो यह है कि जब तुम दोनों की पढ़ाई – लिखाई पर खर्च होने लगा तो फिर तुम्हारे रामबहादुर तथा सीमा की फिजूलखर्ची हमें खलने लगी थी। खर्च बढ़ जाने के बाद भी परिवार स्मूथली चलता रहे इसलिए अदिति ने भी एक स्कूल में नौकरी कर ली साथ ही बच्चों की कोचिंग क्लास भी लेने लगीं।
हम सब कुछ सामान्य करने की कोशिश करते रहे और कामयाब भी होते रहे। जब सीमा प्रेग्नेंट हुईं तो अदिति ने उन्हें अपने पास ही बुला लिया था ताकि सही से देखभाल हो सके। अदिति की मेहनत रंग लायी और हमारे परिवार में नये सदस्य का आगमन ( तुम्हारे चचेरे भाई रोहित का जन्म ) हुआ। अब परिवार का माहौल काफी खुशनुमा हो गया। हमारा परिवार इसी तरह से खुशहाल रहे और किसी भी सदस्य के साथ किसी भी तरह की नाइंसाफी न हो इसलिये मैंने निर्णय लिया कि रोहित भी तुम्हारे सहोदर भाई की ही तरह हमारे साथ रहे ताकि कल को न तुम्हारे मन में लगे कि वो अलग है और न उसके मन में। इस बात के लिए मैंने अदिति को भी मना लिया था। रामबहादुर को तो हमपर खुद से भी अधिक विश्वास था क्योंकि उन्हें पता था कि हम उनसे बेहतर परवरिश कर सकते हैं। लेकिन इस बात से सीमा सहमत नहीं हुईं। शायद तब उनके मन मस्तिष्क पर उनकी ममता हावी हो गई थी। तब अदिति ने हमें माँ की ममता का पाठ पढ़ाया।
धीरे-धीरे रोहित तीन वर्ष का हो गया। अब समस्या आई उसके पढ़ाई-लिखाई की। वैसे तो शहर भी हमारे गांव से मात्र छः किलोमीटर ही दूर था तो वहां से भी पढ़ाई हो सकती थी। बल्कि गांव के और बच्चे जाते ही थे लेकिन सीमा को यह मंजूर नहीं था और वे रामबहादुर से खिंची – खिंची रहने लगीं। अन्ततः रामबहादुर को उनकी बात माननी पड़ी और वे शहर में एक बेडरूम का सेट किराया पर लेकर रहने लगे। मैंने उस समय भी उसके रहने – सहने फर्नीचर आदि की व्यवस्था करने में मदद की और हमेशा करता रहा।
तुम्हारे दादा-दादी अब गाँव में अकेले रहने लगे। चूंकि तुम्हारे दादा-दादी को भरे – पूरे परिवार में रहने की आदत थी इसलिए उन्हें अकेले रहना अच्छा नहीं लगता था इसलिए मैं उन्हें अपने साथ लेते आता था लेकिन वे अधिक दिन नहीं ठहर पाते थे और गांव वापस चले जाते थे। जब तुम्हारी दादी की तबीयत खराब हुई तब वे हमारे साथ रहने के लिए तैयार हो गईं लेकिन साल भर बाद ही चल बसीं। फिर तुम्हारे दादा जी गाँव में अकेले ही रहने लगे। इस बात की शिकायत गांव के कुछ लोग मुझसे करते तो मैं रामबहादुर से कहता कि या तो तुम गांव रहो या फिर बाबू जी को ही अपने साथ रखो। लेकिन उसने मेरी बात अनसुनी कर दी।
तब रोहित ने भी दसवीं पास कर ली थी। तुम दोनो भाइयों की अच्छी शिक्षा और संस्कार देखकर अब सभी रोहित की तुलना तुम दोनों भाइयों से करके अदिति की प्रशंसा करते और सीमा की आलोचना। यह बात सीमा को बहुत चुभती। वैसे उन्हें भी इस बात का एहसास होने लगा था कि अदिति बच्चों की देखरेख अच्छे से करती हैं इसीलिए जब मैंने बारहवी की पढ़ाई के लिए रोहित को हाॅस्टल में रखने का प्रस्ताव दिया तो उन्होंने हमारे साथ ही रखने के लिए जोर दिया। तब अदिति ने ही कहा कि – “आप तो बचपन से ही साथ रखना चाहते थे, अब तो कुछ वर्षों की ही बात है ठीक ही रहेगा हमारे साथ वे भी कुछ दिन रह जायेगा तो।” मुझे भी अदिति की बात अच्छी लगी।
दरअसल सीमा रोहित को यहाँ भेजना तो छठवीं कक्षा से ही चाहती थीं क्योंकि रोहित भी हमारे साथ ही रहना चाहता था। वह तो इतना तक कह देता था अपनी मम्मी से कि तुमसे अधिक तो मुझे बड़ी मम्मी ही प्यार करती हैं। यह बात सीमा को अच्छा नहीं लगा था जो मैंने उनके चेहरे पर पढ़ लिया था। वैसे मैंने एक बात नोटिस की है कि औरतें कितनी भी अच्छी क्यों न हों वह अपने सामने किसी और स्त्री की तारीफ नहीं सुन सकती। और अपने पति तथा बच्चों से तो बिल्कुल भी नहीं। घर में अलगाव का एक कारण यह भी होता है जिसे हम पुरूषों को ध्यान देना होगा। अदिति भी रोहित को अपने साथ ही रखना चाहती थीं लेकिन उसमें और तुम्हारे सहोदर भाई मोहित में बहुत झगड़े होते थे जब वे एक साथ होते थे। जब रोहित छुट्टियों में आता था तो दोनों के झगड़े छुड़ाने में आराधना के पसीने छूट जाते थे इसलिए जब मोहित बाहर पढ़ने के लिए गया तो फिर अदिति ने उसे खुशी-खुशी बुला लिया।
समस्या वहीं से शुरू हो गई। छोटे शहर से आया रोहित बड़े शहर की चकाचौंध में पूरी तरह से फंस गया। उसके खर्च बढ़ने लगे। कभी-कभी तो बिना पूछे भी ड्रावर में से पैसे निकालने लगा। जब वह अधिक पैसा निकालने लगा तो अदिति ने ड्रावर में लाॅक करना शुरू कर दिया। उसके बाद वह अदिति से तो पाकेट खर्च के लिए पैसे लेता ही था झूठ बोलकर सीमा से भी पैसे लेने लगा। और झूठ भी ऐसी – वैसी नहीं, उसने तो अपनी मम्मी से यहां तक कह दिया कि ताई जी मेरे साथ नौकरों जैसा व्यवहार करती हैं आदि – आदि उल्टी – सीधी बातें। सीमा को तो जैसे इसी वक्त का इंतज़ार था इसीलिए उन्होंने आव देखा न ताव सीधे-सीधे अदिति से कह दिया। अचानक इस तरह का तोहमत अपने आप पर लगा उसमें भी अपनी देवरानी से सुनकर अदिति का पारा चढ़ गया और उन्होंने भी सीमा को खरी – खोटी सुना दिया।
उस दिन अदिति ने पहली बार मुझसे आँखों में आँसू भरकर कहा था –
“अब बहुत हो गया, इस परिवार को निस्वार्थ भाव से एक तरफा करते-करते अब मैं भी थक गई हूँ। अरे इतना कुछ करने के बाद सूखा सम्मान भी नहीं दे सकते तो ऐसे रिश्तों का क्या फायदा। और उसकी हिम्मत तो देखो अपने बेटे को डाटने के बजाय उसने मुझे ही कठघरे में खड़ा कर दिया जिसकी हिम्मत मेरे अबतक के जीवन काल में आज तक किसी ने नहीं की। रोहित पैदा भी जब हुआ था तो भी न तो इसके ननिहाल के लोगों ने ही कुछ किया और न ददिहाल में मेरे सिवा कोई। इन लोगों को बराबरी पर रखने के लिए मैं खुद में और अपने बच्चों में
कटौती करती रही। अरे बराबरी ही करनी है तो मेरी पढ़ाई-लिखाई, मेरे काम तथा मेरी अच्छाइयों की भी करनी चाहिए न कि सिर्फ खाने-पीने और पहनने ओढ़ने और धन सम्पत्ति में बराबरी करेगी। और वैसे भी हम उसके सास ससुर नहीं हैं………..
अरे उसके बेटे को मैं इतना दुख ही देती हूँ तो फिर वो यहीं क्यों रहना चाहता है। बल्कि वह तो छूट्टियों में भी यहाँ से जाना नहीं चाहता है……………
सही ही कहा गया है – “अति सर्वत्र वर्जयते। वो अति चाहे अच्छाई की ही क्यों न हो।
तब से शुरू हो गया सीमा और अदिति के बीच में मौन युद्ध।
अब ईर्ष्या से उपजी फसलें कटुता का रूप लेने लगीं।
लाख कोशिशों के बावजूद भी रामबहादुर और मैं परिवार को समेटने में असफल रहे।
यह कहते – कहते पापा की आँखों में आँसू आ गए। उस समय पापा एक हारे हुए सिपाही लग रहे थे।
मुझे विश्वास है कि इस चिट्ठी को पढ़ने के बाद तुम मुझे समझ सकोगे ।
मैंने कहीं पढ़ा है कि प्रेम बंधन नहीं स्वतंत्रता देता है। जो प्रेम में बांधे रखना चाहता है वास्तव में वह प्रेम नहीं करता वह तो अपने स्वार्थ की सिद्धि और अहं की तुष्टि करता है। इसलिए मैंने तुम्हारी स्वतंत्रता चाही और स्वतंत्रता के लिए आर्थिक स्वतंत्रता बहुत जरूरी है।
अगेन कांग्रेट्स ब्रो — तुम्हारा ब्रो अमित
— किरण सिंह
